Home » Breaking News » दतिया में 12 घंटे तक बवाल! चक्काजाम खत्म, झड़प में एएसपी समेत कई अधिकारी चोटिल

दतिया में 12 घंटे तक बवाल! चक्काजाम खत्म, झड़प में एएसपी समेत कई अधिकारी चोटिल

MP NEWS: भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव का टिकट नहीं मिलने से नाराज समर्थकों का विरोध प्रदर्शन शनिवार को हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम कर दिया और पुलिस पर पथराव किया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), डीएसपी, एसडीओपी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए। पथराव में पुलिस के कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

12 घंटे बाद प्रशासन ने खुलवाया रास्ता

जिलाधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन ने चक्काजाम समाप्त कराया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक हटाने की कोशिश की, लेकिन उनके नहीं मानने पर आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बहाल कर दी गई है और हालात नियंत्रण में हैं।

MP NEWS: बाजार बंद कराने की कोशिश नाकाम

प्रदर्शनकारियों ने एक दिन पहले बाजार बंद का आह्वान किया था, लेकिन व्यापारी इसके पक्ष में नहीं थे। इसे देखते हुए बाजारों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी को भी जबरन बाजार बंद नहीं कराने दिया जाएगा और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

पुलिस ने नहीं किया लाठीचार्ज

पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान चक्काजाम और पथराव हुआ, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एएसपी भी शामिल हैं। हालांकि, पुलिस ने कहीं भी लाठीचार्ज नहीं किया।

MP NEWS: उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने उपद्रव करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता के दौरान शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए दतिया में सीआरपीएफ की 16 कंपनियां तैनात की गई हैं।

ये भी पढ़े… पीएम मोदी के न्यूजीलैंड दौरे का दूसरा दिन, क्रिस्टोफर लक्सन के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा