Home » Breaking News » दतिया में सुबह-सुबह पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ पथराव, SP और ASP समेत 8 अधिकारी घायल; इलाके में तनाव

दतिया में सुबह-सुबह पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ पथराव, SP और ASP समेत 8 अधिकारी घायल; इलाके में तनाव

DATIA BY ELECTION: पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को विधानसभा उपचुनाव का टिकट नहीं मिलने के विरोध में दतिया में दूसरे दिन भी प्रदर्शन उग्र रहा। सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सहित आठ पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

तीन हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों ने किया चक्काजाम

एसपी मयूर खंडेलवाल के अनुसार, करीब तीन हजार से अधिक उपद्रवियों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने दतिया-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे करीब 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। दतिया, झांसी, ग्वालियर और शिवपुरी जिले इससे प्रभावित हुए। कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं।

DATIA BY ELECTION: भाजपा जिलाध्यक्ष समेत पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे

विरोध के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण सहित जिले के कई पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर नारेबाजी की और कई स्थानों पर बाजार बंद कराने की कोशिश की, जिससे शहर में तनाव का माहौल बना रहा।

सुबह 5 बजे शुरू हुआ पथराव

दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि प्रशासन ने पूरी रात और सुबह चार बजे तक प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। सुबह करीब पांच बजे प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

DATIA BY ELECTION: पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

पथराव में पुलिस की तीन से चार गाड़ियों के शीशे टूट गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पुलिस की ओर से लाठीचार्ज नहीं किया गया। केवल भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस का प्रयोग किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शांति भंग करने की कोशिश जारी रही तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

उपद्रवियों की तलाश जारी

एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि पथराव के बाद पुलिस ने दोबारा आंसू गैस छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पूरे जिले में भारी पुलिस बल तैनात है और हाईवे पर यातायात सामान्य कराने का काम जारी है।

ये भी पढ़े… सिर्फ 15 दिन में 3.41 लाख जल संरचनाएं, 31 करोड़ लीटर पानी का संरक्षण; महासमुंद की जल क्रांति बनी मिसाल