Almeria forest fire: स्पेन के दक्षिणी प्रांत अल्मेरिया में लगी भीषण जंगल की आग ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस हादसे में अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 लोग लापता बताए जा रहे हैं। आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। आग 3,200 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी है। प्रशासन के अनुसार यह स्पेन के इतिहास की सबसे घातक जंगल की आग की घटनाओं में से एक मानी जा रही है। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी, सूखा और तेज हवाओं ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
विदेशी नागरिकों की बस्ती भी आग की चपेट में
अल्मेरिया प्रांत के लॉस गालार्डोस कस्बे के आसपास फैली आग ने विदेशी नागरिकों की बस्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। यह इलाका फ्रांस, ब्रिटेन और बेल्जियम समेत कई देशों के नागरिकों और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में चार लोगों के ब्रिटिश नागरिक होने की आशंका है। कई घर और वाहन पूरी तरह जल गए हैं, जिससे इलाके में भारी तबाही का दृश्य देखने को मिला।
Almeria forest fire: जली हुई गाड़ियों में मिले शव
प्रशासन के अनुसार कई लोगों के शव जली हुई गाड़ियों के अंदर मिले हैं। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि लोग आग से बचने के लिए भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तेज़ी से फैलती लपटों की चपेट में आ गए। कुछ लोगों ने सूखी नदी के रास्ते निकलने का प्रयास किया, जो उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। अधिकारियों का कहना है कि कई लोगों ने घर के अंदर सुरक्षित रहने की सलाह का पालन नहीं किया, जिससे जनहानि बढ़ी।

दमकल और सेना की टीम राहत कार्य में जुटी
आग पर काबू पाने के लिए करीब 150 दमकलकर्मी और स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट के 220 जवान लगातार अभियान चला रहे हैं। हालांकि ऊबड़-खाबड़ भूभाग, सूखी झाड़ियां, तेज हवाएं और भीषण गर्मी राहत कार्य में बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। प्रशासन लापता लोगों की तलाश और आग पर नियंत्रण पाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
Almeria forest fire: प्रधानमंत्री ने जताया शोक, पहचान का काम जारी
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए इसे बेहद दुखद और विनाशकारी घटना बताया। प्रशासन मृतकों की पहचान करने, घायलों का उपचार सुनिश्चित करने और लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। अधिकारियों ने लोगों से प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
REPORT BY – RASHMI SHARMA
ये भी पढ़े… दतिया में सुबह-सुबह पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ पथराव, SP और ASP समेत 8 अधिकारी घायल; इलाके में तनाव








