Breaking News
Home » लाइफस्टाइल » पीसीओडी कंट्रोल करने के लिए सिर्फ दवा नहीं, योग और सही डाइट भी है जरूरी; जानिए एक्सपर्ट की अहम सलाह

पीसीओडी कंट्रोल करने के लिए सिर्फ दवा नहीं, योग और सही डाइट भी है जरूरी; जानिए एक्सपर्ट की अहम सलाह

HEALTH NEWS: 15 से 35 वर्ष की महिलाओं में पॉलीसिस्टिक ओवरी डिजीज (पीसीओडी) तेजी से सामान्य स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार अनियमित जीवनशैली, तनाव, जंक फूड और शारीरिक गतिविधि की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। समय पर ध्यान देने से इसे काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

ये हैं पीसीओडी के प्रमुख लक्षण

पीरियड्स का अनियमित होना, तेजी से वजन बढ़ना, चेहरे पर अनचाहे बाल, मुंहासे, बाल झड़ना, थकान और बार-बार मूड बदलना पीसीओडी के सामान्य संकेत माने जाते हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि केवल दवाओं पर निर्भर रहने के बजाय योग, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या अपनाना भी जरूरी है।

HEALTH NEWS: योग से हार्मोन संतुलित करने में मिलती है मदद

योग तनाव कम करने, रक्त संचार बेहतर बनाने और हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में सहायक माना जाता है। इससे कोर्टिसोल का स्तर नियंत्रित रहता है, जिससे शरीर के अन्य हार्मोन भी संतुलित होने लगते हैं।

रोजाना करें ये योगासन

विशेषज्ञ भद्रासन, तितली आसन, भुजंगासन, सेतु बंधासन, बालासन और सूर्य नमस्कार को नियमित दिनचर्या में शामिल करने की सलाह देते हैं। सूर्य नमस्कार के 5 से 12 राउंड वजन नियंत्रित रखने और पूरे शरीर को सक्रिय बनाने में मददगार माने जाते हैं।

HEALTH NEWS: प्राणायाम भी है लाभदायक

अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम तनाव और चिंता कम करने में प्रभावी माने जाते हैं। प्रतिदिन 15 से 20 मिनट प्राणायाम करने से मानसिक शांति के साथ हार्मोनल संतुलन में भी सुधार हो सकता है।

संतुलित आहार अपनाना जरूरी

आहार में हरी सब्जियां, फल, सलाद, अंकुरित अनाज, दालें, पनीर, टोफू, चना, राजमा तथा अलसी, अखरोट और बादाम जैसे हेल्दी फैट शामिल करने की सलाह दी जाती है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है।

HEALTH NEWS: इन चीजों से करें परहेज

कोल्ड ड्रिंक, अधिक चीनी, मैदा, जंक फूड, तले हुए खाद्य पदार्थ, देर रात भोजन और अत्यधिक कैफीन से बचना चाहिए, क्योंकि ये इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ाकर पीसीओडी की समस्या को गंभीर बना सकते हैं।

स्वस्थ दिनचर्या से मिल सकता है बेहतर परिणाम

विशेषज्ञों के अनुसार रोज 30 से 45 मिनट व्यायाम, 7 से 8 घंटे की नींद, स्क्रीन टाइम कम करना, भोजन और सोने का निश्चित समय तथा प्रतिदिन 10 मिनट ध्यान करने जैसी आदतें पीसीओडी नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नियमित जीवनशैली और चिकित्सकीय सलाह के साथ इस समस्या को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।

REPORT BY – MANSI SHARMA

ये भी पढ़े… दतिया में टिकट विवाद के बाद धारा 163 लागू, सभा-जुलूस पर रोक, नरोत्तम मिश्रा का बयान आया सामने