Datia By-election: दतिया विधानसभा उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने और उनकी जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद जारी विरोध के बीच प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी के निर्णय का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में निर्णय व्यापक विचार-विमर्श के बाद लिए जाते हैं और सभी कार्यकर्ता उनका सम्मान करते हैं।
‘नरोत्तम मिश्रा पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता’
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वह डॉ. नरोत्तम मिश्रा को लंबे समय से जानते हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि वे पार्टी के फैसले का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा अनुभवी और समर्पित नेता हैं तथा संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करते रहेंगे।
Datia By-election: ‘बीजेपी में टिकट बदलने की परंपरा नहीं’
विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी में टिकट बदलने की कोई परंपरा नहीं रही है। उन्होंने कहा कि आशुतोष तिवारी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और वे भारी मतों से चुनाव जीतेंगे। उनके अनुसार प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर हजारों लोग टिकट की तैयारी करते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी का होता है।
डिप्टी सीएम ने भी दिया एकजुटता का संदेश
उधर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी कहा कि पार्टी का निर्णय सभी के लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर नाराजगी है तो वरिष्ठ नेता बातचीत के जरिए उसका समाधान करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा स्वयं भी कार्यकर्ताओं को समझाएंगे और सभी मिलकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में काम करेंगे।
Datia By-election: समर्थकों के विरोध से बढ़ी हलचल
दतिया में टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन, चक्का जाम और हंगामा किया था। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि भाजपा नेतृत्व लगातार यह संदेश देने की कोशिश कर रहा है कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी नेता मिलकर काम करेंगे।
ये भी पढ़े… दिल्ली में JPN पुस्तकालय का उद्घाटन में अमित शाह ने दिया बड़ा बयान , जानिए विस्तार से…








