Home » राष्ट्रीय » ईरान का मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों पर बड़ा मिसाइल हमला, बहरीन में सायरन, UAE की एयर डिफेंस सक्रिय

ईरान का मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों पर बड़ा मिसाइल हमला, बहरीन में सायरन, UAE की एयर डिफेंस सक्रिय

Iran Missile Attack

Iran Missile Attack: मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। ईरान ने दावा किया है कि उसने मिडिल ईस्ट में स्थित कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। इस कार्रवाई के बाद बहरीन में मिसाइल हमले के सायरन बज उठे, जबकि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया। ईरान का यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब एक दिन पहले ही अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की थी। दोनों देशों के बीच बढ़ते हमलों ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं।

कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

ईरानी सरकारी मीडिया ‘प्रेस टीवी’ के मुताबिक, ईरान ने कुवैत, बहरीन, कतर और ओमान में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुवैत में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, गोला-बारूद डिपो और सैन्य रडार सुविधा को निशाना बनाया गया। वहीं बहरीन में अमेरिकी सैन्य संचार केंद्र और रडार स्टेशन पर भी हमले किए गए। इसके अलावा कतर स्थित अमेरिका के अल उदैद एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, जिसे क्षेत्र में अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा माना जाता है।

Iran Missile Attack: ओमान में भी अमेरिकी लॉजिस्टिक सेंटर पर हमला

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने ओमान के पोर्ट ऑफ दुकम स्थित अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर सपोर्ट और रीफ्यूलिंग फैसिलिटी पर भी हमला किया। संगठन के अनुसार, इस ऑपरेशन का उद्देश्य अमेरिकी नौसेना के जहाजों को लॉजिस्टिक सहायता देने वाले केंद्रों को निशाना बनाना था। हालांकि, इन हमलों से हुए नुकसान या संभावित हताहतों को लेकर अभी तक अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

बहरीन और UAE में हाई अलर्ट, लोगों से सुरक्षित रहने की अपील

हमलों के बीच बहरीन में मिसाइल हमले के सायरन बजाए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। बहरीन के गृह मंत्रालय ने नागरिकों से शांत रहने और नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।वहीं संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली संभावित मिसाइल और ड्रोन खतरों को निष्क्रिय करने में जुटी हुई है। कतर सहित अन्य खाड़ी देशों में भी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

Iran Missile Attack: अमेरिकी कार्रवाई के बाद बढ़ा तनाव

ईरान का यह हमला अमेरिका की हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद हुआ है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, यह अभियान उस घटना के जवाब में शुरू किया गया था, जिसमें ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले एक कंटेनर जहाज पर हमला किया था। अमेरिकी सेना के मुताबिक, इस हमले के बाद जहाज का एक नागरिक चालक दल का सदस्य लापता हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर शुरू की गई इस कार्रवाई में किन ठिकानों को निशाना बनाया गया और किस प्रकार के हथियारों का इस्तेमाल हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। लगातार जवाबी हमलों के बीच पूरे मध्य पूर्व में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

ये भी पढ़ें…E20 पेट्रोल पर अरविंद केजरीवाल का मोदी सरकार पर हमला, बोले- कम माइलेज और बढ़ते खर्च से जनता परेशान