Bangladesh Terror Case: बांग्लादेश में मार्शल आर्ट्स ट्रेनिंग संस्था की आड़ में कथित चरमपंथी गतिविधियां चलाने के मामले का खुलासा हुआ है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की काउंटर टेररिज्म एंड ट्रांसनेशनल क्राइम (CTTC) यूनिट ने कार्रवाई करते हुए ‘फतह कॉम्बेट सिस्टम’ (FCS) के प्रमुख मार्शल आर्ट्स इंस्ट्रक्टर शाह अमानत साबिर समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए अधिकांश लोग खुलना स्थित इस संस्था के छात्र और इंस्ट्रक्टर हैं।
Bangladesh Terror Case: मोबाइल से मिला संदिग्ध वीडियो, जांच तेज-
जांच एजेंसियां शाह अमानत साबिर के मोबाइल फोन से मिले 2 मिनट 23 सेकंड के एक वीडियो की जांच कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि वीडियो में रात के समय ग्रामीण इलाके में धमाके, चरमपंथी नारे और साबिर को धारदार हथियार के साथ धमकी देते हुए देखा जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो की पृष्ठभूमि में ISIS के प्रचार से जुड़ा एक अरबी गीत भी इस्तेमाल किया गया था।
Bangladesh Terror Case: NCP के सदस्य की भी हो रही जांच-
इस मामले में ‘नेशनल सिटिजन्स पार्टी’ (NCP) के एक सदस्य की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यह पार्टी 2024 में शेख हसीना विरोधी छात्र आंदोलन के बाद बनी थी और इसका गठन मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान हुआ था।
अताउल्लाह शाह को पार्टी से निकाला गया-
आतंकवाद-विरोधी जांच के तहत गिरफ्तार लोगों में NCP की गाजीपुर शहर संयोजक समिति के संयुक्त सदस्य सचिव अताउल्लाह शाह भी शामिल हैं। उन्हें 5 जुलाई को जत्राबाड़ी थाना क्षेत्र के ‘मिनी कॉक्स बाजार’ इलाके से छह अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दो दिन बाद, 7 जुलाई को NCP ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।
10 से 12 संदिग्धों पर नजर-
CTTC प्रमुख शम्सुल हक ने बताया कि जांच में ‘फतह कॉम्बेट सिस्टम’ से जुड़े 10 से 12 लोगों के नाम सामने आए हैं। इन सभी पर कथित चरमपंथी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह है। पुलिस पूरे नेटवर्क और उसके संभावित संपर्कों की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़े- बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में वित्तीय अनियमितता के आरोप, सरकार ने कार्रवाई के दिए निर्देश








