Khan Sir News: पटना से बड़ी खबर सामने आई है। कोचिंग संस्थान से जुड़े मारपीट मामले में फैसल खान उर्फ खान सर को अग्रिम जमानत मिल गई है। उनके दोनों बॉडीगार्ड्स को भी अदालत से जमानत मिल गई है।
क्या है पूरा मामला?
इस साल जून की शुरुआत में खान सर के कोचिंग संस्थान के पास मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक और वहां काम करने वाले कुछ लोगों पर आरोप लगाए गए थे। इसके बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था।जांच के दौरान खान सर के दो बॉडीगार्ड्स हवा में फायरिंग करते हुए दिखाई दिए थे। इसी वजह से खान सर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था और उनके दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले में इस्तेमाल किए गए हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। हालांकि, बाद में खान सर की गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी।

2 जून की रात हुआ था हंगामा
यह घटना 2 जून की रात पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर हुई थी। वहां हंगामा होने के बाद खान सर ने दावा किया था कि उनकी कोचिंग के बाहर फायरिंग हुई और विरोधी कोचिंग माफिया या कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की। लेकिन जब यह मामला मीडिया में ज्यादा चर्चा में आया, तो बाद में खान सर अपने पहले दिए गए बयान से पीछे हट गए।इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद खान सर की गिरफ्तारी की भी संभावना जताई जाने लगी थी। यह मामला उस समय और अधिक चर्चा में आया, जब रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में मौत हो गई।
पहले भी मिल चुकी है राहत
खान सर को इससे पहले भी इसी कोचिंग फायरिंग मामले में राहत मिल चुकी है। अदालत पहले ही उनके खिलाफ बल प्रयोग और दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा चुकी थी।कुछ समय पहले खान सर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी चर्चा में रहे थे। वहां एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद अधिकारियों ने कई कोचिंग संस्थानों की जांच की थी और कई जगह नोटिस जारी किए गए थे।
इसी दौरान प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने जांच के दौरान खान ग्लोबल कोचिंग में कई कमियां पाई थीं। इसके बाद तीन मंजिला इमारत में संचालित इस कोचिंग सेंटर को सीज कर दिया गया था।








