UP POLITICS: उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने बस्ती में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए ताकि प्रदेश हरा-भरा और पर्यावरण सुरक्षित बन सके।
UP POLITICS: सपा पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान दानिश अंसारी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में केवल भ्रष्टाचार किया, इसलिए उसे आज चारों ओर भ्रष्टाचार ही दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि जिसने विकास नहीं किया, उसे प्रदेश में हो रहे विकास कार्य भी नजर नहीं आते।
‘पर्यावरण के प्रति सपा की कोई रुचि नहीं’
मंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण अभियान को भी गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी वास्तव में जनता और पर्यावरण की हितैषी होती तो उसके नेता भी पौधरोपण अभियान में भाग लेते। उन्होंने इसे समाज और पर्यावरण के प्रति उदासीनता का प्रमाण बताया।
‘यह भाजपा नहीं, समाज का अभियान’
दानिश अंसारी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज का अभियान है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने करोड़ों पौधे लगाकर नया कीर्तिमान बनाया है और हर नागरिक को इसमें भागीदारी करनी चाहिए।
UP POLITICS: राम मंदिर मामले पर भी दिया बयान
राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा विवाद पर मंत्री ने कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… तमिलनाडु में गौहत्या बैन पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला! हाई कोर्ट के आदेश पर लगाई रोक








