Breaking News
Home » मध्य प्रदेश » बेटी बोली पापा का एनकाउंटर नहीं उन्हें आखिरी सांस तक तड़पाओ … मां को बेरहमी से मार डाला

बेटी बोली पापा का एनकाउंटर नहीं उन्हें आखिरी सांस तक तड़पाओ … मां को बेरहमी से मार डाला

Indore Murder Case:

 Indore Murder Case: इंदौर के चर्चित पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड में मृतका की बेटी प्रेक्षा का दर्द तीसरे दिन छलक पड़ा। उसने कहा कि आरोपी पिता को न फांसी दी जाए और न ही एनकाउंटर किया जाए, बल्कि उसे वही दर्द महसूस कराया जाए, जो उसकी मां ने आखिरी सांस तक सहा। वहीं, घटना के तीन दिन बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार और डाक विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है।

‘मां ने आखिरी सांस तक असहनीय दर्द सहा’

प्रेक्षा ने बताया कि आरोपी ने पहले उसकी मां के सिर पर वार किया, ताकि वह उठ न सके। इसके बाद मौत होने पर भी शरीर पर कई बार हमला किया गया। उसने कहा कि शव पर अलग-अलग हिस्सों में गहरे घाव मिले हैं, जिससे साफ है कि उसकी मां ने अंतिम समय तक असहनीय पीड़ा झेली होगी।

Indore Murder Case: स्कूल से लौटे बच्चों ने देखा खून से लथपथ शव

प्रेक्षा ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई शनिवार दोपहर स्कूल से घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला था और टीवी तेज आवाज में चल रहा था। घर के अंदर पहुंचने पर मां का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। बच्चों ने तुरंत अपने नाना को फोन किया, जिसके बाद पड़ोसी और पुलिस मौके पर पहुंचे। परिवार ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे भयावह पल बताया।

Indore Murder Case: परिजनों ने आरोपी को आर्थिक लाभ से वंचित करने की मांग की

उर्मिला के पिता सत्यनारायण मालाकार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि भोपाल स्थित मकान बेचकर उसकी पूरी राशि दोनों बच्चों के नाम की जाए। साथ ही उर्मिला की संपत्ति, आर्थिक लाभ और अन्य सभी अधिकार केवल बच्चों को दिए जाएं, ताकि आरोपी को किसी प्रकार का लाभ न मिल सके।

शादी के बाद से प्रताड़ना के आरोप

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उर्मिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोपी उस पर चरित्र को लेकर संदेह करता था, मोबाइल और बैंक खातों पर नियंत्रण रखना चाहता था। उन्होंने बताया कि उर्मिला ने पहले भी मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी, लेकिन हर बार समझौता करा दिया गया।

डाक विभाग के कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

अखिल भारतीय रेल डाक सेवा एवं मेल मोटर सेवा कर्मचारी संघ समेत कई कर्मचारी संगठनों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

यह भी पढे़ : आखिर क्यों झलके नरोत्तम के आंसू बीजेपी नेताओं ने बांधा संबल बोले अब आशुतोष को जिताने के लिए घर-घर जाऊंगा’