Home » धर्म » रूठे ग्रहों को करना है शांत? गाय को अर्पित करें ये 9 चीजें, चमक सकती है किस्मत

रूठे ग्रहों को करना है शांत? गाय को अर्पित करें ये 9 चीजें, चमक सकती है किस्मत

Navgrah Shant Remedies:

Navgrah Shant Remedies: सनातन धर्म और ज्योतिष शास्त्र में गाय को अत्यंत पूजनीय माना गया है। मान्यता है कि गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है और उनकी सेवा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार यदि कुंडली में किसी ग्रह का अशुभ प्रभाव हो या जीवन में बार-बार बाधाएं आ रही हों, तो गाय को विशेष खाद्य पदार्थ अर्पित करने से ग्रहों की शांति और शुभ फल की प्राप्ति हो सकती है।

नवग्रहों के लिए बताए गए विशेष उपाय

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार रविवार को सूर्य ग्रह की कृपा पाने के लिए गाय को गुड़ और गेहूं की रोटी खिलाना शुभ माना जाता है। सोमवार को मानसिक शांति और चंद्र दोष दूर करने के लिए भीगे हुए चावल या पानी पिलाने की सलाह दी जाती है। मंगलवार को मंगल ग्रह की अनुकूलता के लिए गुड़ या भीगी लाल मसूर की दाल, बुधवार को बुध ग्रह के लिए हरा चारा या ताजी घास अर्पित करने की मान्यता है।

गुरुवार को गुरु ग्रह की कृपा पाने के लिए हल्दी लगी रोटी और भीगी हुई चने की दाल, शुक्रवार को शुक्र ग्रह के लिए उबले चावल या सफेद मिठाई, शनिवार को शनि ग्रह की शांति के लिए सरसों के तेल लगी रोटी या काले तिल खिलाने की परंपरा बताई गई है।

वहीं, राहु ग्रह के लिए जौ या जौ का दलिया और केतु ग्रह के लिए चितकबरी रोटी या तिल के लड्डू अर्पित करना शुभ माना जाता है।

गौ सेवा करते समय बरतें सावधानी

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार गाय को हमेशा ताजा और स्वच्छ भोजन ही अर्पित करना चाहिए। जूठा, सड़ा-गला भोजन या प्लास्टिक की थैली सहित कोई भी वस्तु गाय को नहीं खिलानी चाहिए। गौ सेवा श्रद्धा और सम्मान के साथ अपने हाथों से करने तथा गाय के माथे को स्पर्श कर आशीर्वाद लेने की परंपरा भी बताई गई है।

धार्मिक मान्यता पर आधारित हैं ये उपाय

धार्मिक ग्रंथों और ज्योतिष शास्त्र में वर्णित इन उपायों को ग्रहों की शांति और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ा जाता है। हालांकि, इन दावों का वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। इन्हें धार्मिक आस्था और पारंपरिक मान्यताओं के आधार पर देखा जाना चाहिए।

यह भी पढे़ : Rahu Kaal में भूलकर भी न करें ये 5 काम, छोटी-सी चूक पड़ सकती है भारी