Home » नई दिल्ली » E20 पेट्रोल के खिलाफ केजरीवाल का हल्ला बोल, पेट्रोल पंपों पर उतरे कार्यकर्ता

E20 पेट्रोल के खिलाफ केजरीवाल का हल्ला बोल, पेट्रोल पंपों पर उतरे कार्यकर्ता

E20 पेट्रोल के खिलाफ केजरीवाल का हल्ला बोल, पेट्रोल पंपों पर उतरे कार्यकर्ता

Kejriwal E20: देशभर में E20 पेट्रोल को लेकर बढ़ती बहस के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू किया। उन्होंने E20 पेट्रोल के खिलाफ ऑनलाइन सिग्नेचर कैंपेन लॉन्च करने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से बातचीत करने और उनके अनुभवों के वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा करने की जिम्मेदारी सौंपी। केजरीवाल का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सरकार तक आम लोगों की आवाज पहुंचाना है।

पेट्रोल पंपों पर कार्यकर्ताओं की ड्यूटी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाएं, वाहन चालकों से बातचीत करें और E20 पेट्रोल को लेकर उनके अनुभवों को वीडियो के माध्यम से रिकॉर्ड करें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को E20 से परेशानी हो रही है, उनके अनुभव सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक साझा किए जाएं ताकि यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बने।केजरीवाल ने कहा कि जनता की राय को सामने लाना लोकतंत्र का हिस्सा है और सरकार को लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनना चाहिए।

Kejriwal E20: प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा

AAP संयोजक ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का समय भी मांगा है। उनका कहना है कि वह प्रधानमंत्री को सीधे जनता की भावनाओं और E20 पेट्रोल को लेकर लोगों की चिंताओं से अवगत कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने स्वयं पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर वाहन मालिकों से बातचीत की, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने माइलेज कम होने और गाड़ियों के रखरखाव का खर्च बढ़ने की शिकायत की।

Kejriwal E20: ‘स्टॉप E20 पेट्रोल’ अभियान की शुरुआत

अरविंद केजरीवाल ने देशभर में ‘स्टॉप E20 पेट्रोल’ नाम से ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। इस अभियान के जरिए नागरिक प्रधानमंत्री के नाम अपनी मांग दर्ज करा सकते हैं। केजरीवाल का आरोप है कि सरकार बिना पर्याप्त तैयारी के E20 पेट्रोल लागू कर रही है, जबकि लाखों वाहन मालिक इससे जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की राय का सम्मान होना चाहिए और सरकार को लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार ईंधन चुनने का विकल्प देना चाहिए।

E20 को लेकर सरकार से दो प्रमुख मांगें

केजरीवाल ने कहा कि यदि सरकार E20 पेट्रोल लागू करना चाहती है तो हर पेट्रोल पंप पर उपभोक्ताओं को शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 में से अपनी सुविधा के अनुसार ईंधन चुनने का विकल्प मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि E20 पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखी जाए, क्योंकि इसकी ऊर्जा क्षमता कम होने के कारण माइलेज भी कम मिलता है।उनका कहना है कि वर्तमान स्थिति में वाहन मालिकों पर दोहरी आर्थिक मार पड़ रही है। एक ओर माइलेज कम होने से ईंधन की खपत बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर गाड़ियों की सर्विस और मरम्मत का खर्च भी बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वांगचुक की तबीयत खराब हो रही है और उनकी पार्टी इस आंदोलन का समर्थन करती है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए सोनम वांगचुक से स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की। केजरीवाल ने यह भी कहा कि वह निर्धारित तिथि पर उनसे मुलाकात करने जाएंगे।

E20 पर सियासत और तेज होने के संकेत

E20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी ने अब इसे जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान, पेट्रोल पंपों पर जनसंपर्क और सोशल मीडिया के जरिए लोगों के अनुभव साझा कराने की रणनीति से साफ है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक रूप से और अधिक गर्मा सकता है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार इस अभियान और उठाई गई मांगों पर क्या रुख अपनाती है।

ये भी पढ़े…..चलती सड़क पर दो टुकड़ों में बंटी Ola स्कूटर, वीडियो देखकर रह जाएंगे हैरान