Home » राष्ट्रीय » मणिपुर में असम राइफल्स कैंप पर भीड़ का हमला, पथराव-आगजनी के बाद सुरक्षा बलों ने संभाले हालात

मणिपुर में असम राइफल्स कैंप पर भीड़ का हमला, पथराव-आगजनी के बाद सुरक्षा बलों ने संभाले हालात

Manipur News

Manipur News: मणिपुर के सेनापति जिले में मंगलवार रात तनाव उस समय बढ़ गया, जब बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ ने असम राइफल्स के कैंप पर हमला कर दिया। भीड़ ने कैंप के बाहर खड़े वाहनों पर पथराव किया, तोड़फोड़ की और आगजनी की कोशिश की। इस दौरान कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ गाड़ियों में आग लगा दी गई। हालात बिगड़ने पर असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति पर नियंत्रण पाया।

तलाशी अभियान के कुछ घंटों बाद भड़की हिंसा

जानकारी के अनुसार, सेनापति जिले के मकुइलोंगडी इलाके में खुफिया सूचना के आधार पर असम राइफल्स ने तलाशी अभियान चलाया था। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर पहुंच गए और सुरक्षा बलों की कार्रवाई का विरोध करने लगे। कुछ घंटों बाद रात करीब साढ़े नौ बजे स्थिति अचानक हिंसक हो गई और भीड़ असम राइफल्स के जिला मुख्यालय स्थित कैंप की ओर बढ़ गई।

Manipur News: वाहनों में आगजनी, ट्रक पलटे और कैंप पर पथराव

उग्र भीड़ ने कैंप के बाहर खड़े सुरक्षा बलों के तीन वाहनों में आग लगा दी। इसके अलावा कई ट्रकों को पलट दिया गया और कैंप परिसर के बाहर जमकर पथराव व तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शनकारियों ने कैंप में घुसने की भी कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

Manipur News

आंसू गैस और ब्लैंक फायर के बाद हालात हुए सामान्य

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने पहले लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के उग्र होने पर ब्लैंक फायर और आंसू गैस के गोले दागे गए। इसके बाद मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ की अतिरिक्त टुकड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। संयुक्त अभियान के चलते आधी रात तक भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया और इलाके में शांति बहाल कर दी गई।

Manipur News: घटना में कोई हताहत नहीं, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (डिफेंस पीआरओ) के अनुसार, रात करीब नौ बजे सूचना मिली थी कि बड़ी संख्या में लोग असम राइफल्स कैंप की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल संयुक्त कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी नागरिक या सुरक्षा बल के जवान के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही हिंसा की वजहों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें…टीएमसी को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री मदन मित्रा ने छोड़ी पार्टी, ऋतब्रत बनर्जी गुट में हुए शामिल