IPS PD Nitya: राजस्थान कैडर में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादलों के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया है। गर्भवती IPS अधिकारी पीडी नित्या का जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) पद से तबादला कर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जोधपुर का एसपी बनाया गया है। वहीं उनकी जगह उनके पति और 2022 बैच के IPS अधिकारी पंकज यादव को जोधपुर ग्रामीण का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
पति को सौंपी अपनी ही कुर्सी
14 जुलाई की रात जारी तबादला सूची के अनुसार, कमांडेंट प्रथम बटालियन RAC जोधपुर रहे पंकज यादव अब जोधपुर ग्रामीण की कमान संभालेंगे। वहीं पीडी नित्या भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में एसपी के रूप में नई जिम्मेदारी निभाएंगी। यह तबादला पूरे राजस्थान पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
IPS PD Nitya: जल्द संभालेंगी ACB की जिम्मेदारी
पीडी नित्या ने बताया कि वह जल्द ही ACB जोधपुर में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगी। इससे पहले वह जोधपुर ग्रामीण एसपी का चार्ज अपने पति पंकज यादव को सौंपेंगी।
IPS PD Nitya: शादी के बाद बदला था कैडर
2016 बैच की IPS अधिकारी पीडी नित्या को शुरुआत में AGMUT कैडर मिला था। वर्ष 2025 में गृह मंत्रालय ने विवाह के आधार पर उनका कैडर बदलकर राजस्थान कर दिया। राजस्थान आने के बाद उन्होंने जोधपुर कमिश्नरेट में डीसीपी (ईस्ट) और बाद में जोधपुर ग्रामीण एसपी के रूप में सेवाएं दीं।
कौन हैं IPS पीडी नित्या?
छत्तीसगढ़ के भिलाई में जन्मीं पीडी नित्या ने केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद निजी क्षेत्र में नौकरी की, लेकिन जनसेवा के उद्देश्य से सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। वर्ष 2015 की UPSC परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया 213वीं रैंक हासिल की। AGMUT कैडर में रहते हुए उन्होंने श्रीनगर में SDPO, लेह की पहली महिला SSP और पुलवामा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दीं।
पावर कपल फिर चर्चा में
IPS पीडी नित्या और पंकज यादव राजस्थान पुलिस के चर्चित दंपतियों में गिने जाते हैं। एक ओर जहां पंकज यादव अब जोधपुर ग्रामीण में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे, वहीं पीडी नित्या एंटी करप्शन ब्यूरो में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की कमान संभालेंगी।
यह भी पढे़ : भारत के सबसे बड़े न्यूक्लियर पावर प्लांट का डेटा लीक! डार्क वेब पर अपलोड हुए हजारों गोपनीय दस्तावेज








