Home » राष्ट्रीय » आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन, बिजनौर के 16 अस्पतालों पर कार्रवाई

आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन, बिजनौर के 16 अस्पतालों पर कार्रवाई

Yogi

Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों की निगरानी लगातार सख्त की जा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में औचक निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर बड़ी कार्रवाई की गई है। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण (साचीज) ने 16 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह अस्पतालों का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोक दिया है, जबकि 10 अन्य अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

20 अस्पतालों का औचक निरीक्षण, कई खामियां मिलीं

साचीज की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अर्चना वर्मा ने बताया कि तीन सदस्यीय विशेष टीम ने बिना पूर्व सूचना के बिजनौर के 20 सूचीबद्ध अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार प्रक्रिया, दस्तावेजों, क्लेम रिकॉर्ड और गुणवत्ता मानकों की विस्तार से जांच की गई। निरीक्षण में कई अस्पताल निर्धारित मानकों का पालन करते नहीं पाए गए।

Yogi: आईसीयू का गलत इस्तेमाल, संदिग्ध क्लेम पर कार्रवाई

जांच में सामने आया कि कुछ अस्पतालों ने एक ही परिवार के मरीजों को बार-बार भर्ती दिखाया। वहीं, कई मामलों में बिना चिकित्सकीय आवश्यकता के आईसीयू बुक किए जाने और उपचार संबंधी प्रक्रियाओं में गंभीर खामियां पाई गईं। इन अनियमितताओं को देखते हुए छह अस्पतालों के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर उनका भुगतान रोक दिया गया है। साथ ही 10 अस्पतालों पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है, जो तय राशि का 10 गुना तक हो सकता है।

प्रदेशभर में जारी रहेगा सख्त निरीक्षण अभियान

राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने संबंधित ऑडिट एजेंसी को भी नोटिस जारी किया है, जबकि जिला कार्यक्रम समन्वयक से भी जवाब मांगा गया है। अर्चना वर्मा ने कहा कि आयुष्मान योजना के पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के दिशा-निर्देशों और गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेशभर में सूचीबद्ध अस्पतालों का नियमित और औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा तथा जहां भी अनियमितता मिलेगी, वहां तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें…IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च, टिकट बुकिंग हुई आसान, कैप्चा का झंझट खत्म