MRITYUNJAY RESIGN RJD: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि पार्टी में सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचने के कारण उन्हें यह फैसला लेना पड़ा। उन्होंने साफ कहा कि अब अपने निर्णय से पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है।
‘तेजस्वी से भी की थी बात, लेकिन नहीं हुई सुनवाई’
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम किया। अपनी नाराजगी को लेकर उन्होंने कई बार पार्टी नेतृत्व और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से भी चर्चा की, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जब लगातार अनदेखी हुई तो इस्तीफा देना ही एकमात्र विकल्प बचा।
MRITYUNJAY RESIGN RJD: ‘जहां सम्मान नहीं, वहां रहने का मतलब नहीं’
उन्होंने कहा, “जहां सम्मान नहीं होता, वहां रहने का कोई मतलब नहीं है।” उनके मुताबिक, धैर्य जवाब देने के बाद उन्होंने यह निर्णय लिया और अब वह अपने फैसले पर पूरी तरह अडिग हैं।
अब्दुल बारी सिद्दीकी भी दुखी
राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी से मुलाकात के सवाल पर तिवारी ने कहा कि उनके साथ उनके पुराने पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने बताया कि सिद्दीकी भी इस घटनाक्रम से दुखी हैं और उनका मानना है कि पार्टी के एक मुखर और प्रखर वक्ता का अलग होना चिंता का विषय है।
MRITYUNJAY RESIGN RJD: ‘मैंने कभी पार्टी का नुकसान नहीं किया’
मृत्युंजय तिवारी ने अपने ऊपर लगे किसी भी तरह के अनुशासनहीनता या पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कभी पार्टी की छवि को नुकसान नहीं पहुंचाया। उन्होंने कहा कि उनका पूरा राजनीतिक जीवन पार्टी के प्रति समर्पण और ईमानदारी का रहा है तथा उनका रिकॉर्ड सभी के सामने खुली किताब की तरह है।
ये भी पढ़े… ‘अगर 2014 से पहले युद्ध होता तो रेलवे ठप पड़ जाती’, हाइड्रोजन ट्रेन लॉन्च पर पीएम मोदी का बड़ा बयान







