Home » Breaking News » बाढ़ संकट पर गृह मंत्री अलर्ट, अमित शाह ने LG और CM उमर अब्दुल्ला से की फोन पर चर्चा

बाढ़ संकट पर गृह मंत्री अलर्ट, अमित शाह ने LG और CM उमर अब्दुल्ला से की फोन पर चर्चा

JAMMU FLOOD: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

रातभर की बारिश से बाढ़ जैसे हालात

राजौरी और पुंछ जिलों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

JAMMU FLOOD: बेला कॉलोनी में घुसा नदी का पानी

राजौरी नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी बेला कॉलोनी और आसपास के इलाकों में भर गया। बेला बस स्टैंड पर खड़ी कई गाड़ियां तेज बहाव में बह गईं। घरों में पानी घुसने से लोग फंस गए और पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

दरहाली नदी ने मचाई तबाही

दरहाली नदी में आई बाढ़ से बेला क्षेत्र के पार्क, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। थन्ना मंडी के चुरुंग, राजधानी और बेहरोट क्षेत्र भी अचानक आई बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बेहरोट की एक क्रशर यूनिट में कुछ मजदूरों के फंसे होने की सूचना है।

JAMMU FLOOD: बादल फटने से कब्रिस्तान बहा

मंजाकोट तहसील के कोटली कलाबन और गोलिनारी क्षेत्रों में बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। तेज बहाव में स्थानीय कब्रिस्तान बह गया और कई कब्रें नष्ट हो गईं। कई वाहन और इमारतें भी बाढ़ की चपेट में आ गईं।

मौसम विभाग ने पहले ही जारी की थी चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक दिन पहले भारी से अत्यधिक बारिश और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की थी। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव दल तैनात कर दिए हैं और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

ये भी पढ़े… जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, बोले- छात्रों के भविष्य पर हमला बर्दाश्त नहीं