Home » राष्ट्रीय » सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल भेजने से कोर्ट का इनकार, सफदरजंग में ही जारी रहेगा इलाज

सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल भेजने से कोर्ट का इनकार, सफदरजंग में ही जारी रहेगा इलाज

Sonam Wangchuk

Sonam Wangchuk: लद्दाख के शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के बीच उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने फिलहाल उन्हें सरकारी सफदरजंग अस्पताल से निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने से इनकार कर दिया। अदालत ने माना कि वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए सरकार द्वारा उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना उचित कदम था और इसे मनमाना नहीं कहा जा सकता। वांगचुक पिछले करीब 20 दिनों से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे।

पत्नी ने निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की लगाई थी गुहार

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की थी। याचिका में कहा गया कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं है। सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने दलील दी कि वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों और वकीलों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई तथा उन्हें कौन-सी दवाएं दी जा रही हैं, इसकी भी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वांगचुक अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराना चाहते हैं।

Sonam Wangchuk: सरकार ने बताया क्यों कराया अस्पताल में भर्ती

केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने अदालत को बताया कि लगातार 18 दिनों से भूख हड़ताल पर रहने के कारण वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ रही थी। उन्होंने कहा कि लंबे उपवास से शरीर में ‘कीटोसिस’ जैसी स्थिति बन सकती है और पोटैशियम का स्तर कम होने पर किडनी सहित अन्य अंगों पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे में चिकित्सकीय निगरानी में रखना आवश्यक था।

कोर्ट ने सरकार की कार्रवाई को माना उचित

दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि सरकार ने वांगचुक की सेहत को ध्यान में रखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है, इसलिए इस कार्रवाई को मनमाना नहीं कहा जा सकता। अदालत ने यह भी माना कि डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और उनकी सहमति से ही आवश्यक चिकित्सकीय सहायता दी जा रही है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसी परिस्थितियों में सरकार के पास मरीज की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार है।

Sonam Wangchuk: अस्पताल ने जारी किया स्वास्थ्य बुलेटिन

सफदरजंग अस्पताल ने वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर अपडेट जारी करते हुए बताया कि उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता दी जा रही है। अस्पताल के अनुसार उनके ब्लड प्रेशर, पल्स और ऑक्सीजन सैचुरेशन सामान्य सीमा में हैं तथा वह पूरी तरह होश में हैं। हालांकि, शरीर में डिहाइड्रेशन के लक्षण और कुछ ब्लड पैरामीटर्स में बदलाव देखा गया है। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय देखरेख में रखना जरूरी है।

ये भी पढ़ें…सर्वदलीय बैठक में TMC के बागी सांसदों को बुलाने पर विवाद, विपक्ष ने किया वॉकआउट