Maharashtra News: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मालवाहक वाहन की टक्कर के बाद एक कार में भीषण आग लग गई, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस, अग्निशमन दल तथा आपातकालीन सेवाओं की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
ट्रक की टक्कर के बाद आग की चपेट में आई कार
पुलिस के अनुसार, हादसा वर्धा जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र स्थित विरुल इंटरचेंज के पास हुआ। बताया गया कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार आइशर ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ ही क्षणों में उसमें आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का अवसर नहीं मिल पाया।
Maharashtra News: पांच लोगों की मौत, एक घायल का इलाज जारी
इस हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टक्कर मारने वाले आइशर ट्रक का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ और उसने दम तोड़ दिया। ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया गया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह भीषण दुर्घटना हुई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलगांव ग्रामीण अस्पताल भेज दिया है और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Written by: Rashmi Sharma
ये भी पढ़ें…अमेरिका-ईरान तनाव के बीच जॉर्डन में अलर्ट, अमेरिकी दूतावास ने जारी की एडवाइजरी








