CJP PROTEST NEWS: जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन और संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के आरोपों के बीच दिल्ली पुलिस ने किसी भी तरह के बल प्रयोग से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से संभाला गया और हिंसा या हिरासत में लेने जैसी कोई घटना नहीं हुई।
वीडियो वायरल, लाठीचार्ज के दावे तेज
सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान प्रदर्शनकारियों पर लाठियां चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो के वायरल होने के बाद लाठीचार्ज को लेकर विवाद गहरा गया।
CJP PROTEST NEWS: दिल्ली पुलिस का बयान
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि जंतर-मंतर पर हिंसा या लाठीचार्ज की खबरें गलत हैं। पुलिस के मुताबिक, पूरे विरोध प्रदर्शन को कानून के दायरे में रहकर पेशेवर तरीके से नियंत्रित किया गया और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की गई।
जमीनी दावों में विरोधाभास
दिल्ली पुलिस के इनकार के बीच घटनास्थल से सामने आए वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के दावों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ रिपोर्टों में प्रदर्शनकारियों पर लाठियां भांजने और बल प्रयोग की बात कही गई है, जबकि पुलिस इसे पूरी तरह खारिज कर रही है।
CJP PROTEST NEWS: 23 दिन बाद छात्रों ने खत्म किया अनशन
इसी बीच, विपक्षी सांसदों, नागरिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के प्रतिनिधिमंडल की अपील पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के तीन कार्यकर्ताओं नेहा, मनीष और आमीन ने जंतर-मंतर पर 23 दिनों से जारी अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संसद के मानसून सत्र में उठाया जाएगा और जनआंदोलन के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
ये भी पढ़े… संसद का मानसून सत्र शुरू होते ही जबर्दस्त हंगामा, विरोध के बीच लोकसभा स्थगित








