Sonam Wangchuk: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार सुबह 9 बजे आठवां हेल्थ बुलेटिन जारी किया। बुलेटिन के मुताबिक, उनका इलाज वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। उनके इलाज में वीएमएमसी, सफदरजंग अस्पताल और एम्स, नई दिल्ली के डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम शामिल है।
स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर
डॉक्टरों के अनुसार, सोनम वांगचुक के सभी जरूरी शारीरिक पैरामीटर फिलहाल स्थिर हैं। हालांकि, उनका ब्लड शुगर स्तर अभी भी सामान्य से कम बना हुआ है। वहीं, रविवार रात लिए गए ब्लड सैंपल की जांच में उनका सीरम पोटैशियम स्तर 3.2 मिलीमोल प्रति लीटर पाया गया।
पोटैशियम सामान्य स्तर से कम
विशेषज्ञों के मुताबिक, वयस्कों के शरीर में पोटैशियम का सामान्य स्तर 3.5 से 5.0 मिलीमोल प्रति लीटर या 3.5 से 5.0 मिलीइक्विवेलेंट प्रति लीटर होना चाहिए। ऐसे में सोनम वांगचुक का पोटैशियम स्तर सामान्य से कम है।
पैनसाइटोपीनिया की समस्या जारी
हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि सोनम वांगचुक अब भी पैनसाइटोपीनिया से जूझ रहे हैं। इस स्थिति में शरीर में एनीमिया के साथ-साथ श्वेत रक्त कोशिकाओं (ल्यूकोसाइट्स) की संख्या भी कम हो जाती है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी मेडिकल स्थिति और लैब रिपोर्ट की लगातार निगरानी करना बेहद जरूरी है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, फिलहाल उन्हें ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओआरएस) और पोटैशियम सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं। हालांकि, डॉक्टरों की बार-बार सलाह के बावजूद सोनम वांगचुक अभी भी इंट्रावेनस (आईवी) फ्लूइड और ग्लूकोज लेने के लिए तैयार नहीं हैं।
डॉक्टरों की लगातार निगरानी जारी
डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे उपवास का असर उनके शरीर पर साफ दिखाई दे रहा है। इसके कारण हल्के से मध्यम स्तर का डिहाइड्रेशन और लैब जांच में लगातार कुछ असामान्यताएं सामने आ रही हैं। इसी वजह से उनकी लगातार चिकित्सकीय निगरानी जरूरी है। अस्पताल ने बताया कि उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। आगे का इलाज उनकी स्वास्थ्य स्थिति और आने वाली लैब जांच की रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा।
यह भी पढ़े…सिक्किम टनल हादसा: भूस्खलन और जहरीली मीथेन गैस ने बढ़ाई मुश्किलें, 7 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी








