Anantnag Lal Chowk Attack: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में बुधवार दोपहर पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।सुरक्षाबलों ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पूरे इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद सेना और पुलिस ने लाल चौक और आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया। अतिरिक्त सुरक्षा बल भी मौके पर भेजे गए हैं। जिस जगह पर हमला हुआ, वह शहर का मुख्य बाजार है, जहां आम दिनों में काफी लोगों की आवाजाही रहती है।हमले के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इलाके के सभी आने-जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है। वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है।सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस हमले में कितने आतंकी शामिल थे और फायरिंग के बाद वे किस दिशा में फरार हुए।
हाल की दो बड़ी आतंकी घटनाएं

1. 18 जुलाई: राजौरी LoC पर घुसपैठ की कोशिश
17 जुलाई की रात जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के तारकुंडी फॉरवर्ड इलाके में भारतीय सेना ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं। रात करीब 10 बजे कुछ संदिग्ध लोगों के दिखाई देने पर सेना ने फायरिंग शुरू की।अधिकारियों के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सेना का मानना है कि संदिग्ध आतंकी भारत में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
2. 8 जुलाई: शोपियां में लश्कर का टॉप कमांडर ढेर
8 जुलाई को शोपियां में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर जाकिर अहमद गनी को मार गिराया। वह पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी 14 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल था।यह संयुक्त अभियान भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने मिलकर चलाया था।
यह भी पढे़…अमेरिका का ईरान पर लगातार 11वीं रात हमला, कई सैन्य ठिकाने बने निशाना








