Home » राष्ट्रीय » धरना नीति के बाद राहुल की ‘गांधीगिरी’, गांधी स्मृति पहुंचा विपक्ष

धरना नीति के बाद राहुल की ‘गांधीगिरी’, गांधी स्मृति पहुंचा विपक्ष

Rahul Gandhi: धरना नीति के बाद राहुल की ‘गांधीगीरी’, गांधी स्मृति पहुंचा विपक्ष

Rahul Gandhi: NEET पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली में जारी छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बीच विपक्ष ने अपना विरोध तेज कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद राहुल गांधी समेत गठबंधन के कई नेता बस से गांधी स्मृति भवन के लिए रवाना हुए। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी बैठक में शामिल हुईं। विपक्षी नेताओं ने कहा कि वे छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं और सरकार से न्याय व जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

छात्रों के समर्थन में गांधी स्मृति पहुंचे विपक्षी नेता

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि INDIA गठबंधन के सांसद और नेता तीस जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं, जिन्होंने कथित NEET पेपर लीक के बाद अपनी जान गंवाई और उन छात्रों के साथ खड़े हैं, जो न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि भारत के छात्र अकेले नहीं हैं और पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा है।

Rahul Gandhi: इंडिया गेट जाना चाहते थे विपक्षी सांसद

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद छात्रों के समर्थन में इंडिया गेट जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें वहां जाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने गांधी स्मृति जाने का फैसला किया। राहुल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके काफिले को आगे बढ़ने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य संदेश यह है कि विपक्ष छात्रों के साथ है और उनकी मांगों का समर्थन करता है।

विपक्ष ने लोकतंत्र और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का दिया संदेश

कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा कि देश गांधी और उनके सिद्धांतों का है और छात्रों का विरोध भी शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। वहीं, CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि देश को लोकतंत्र की जरूरत है, न कि सख्ती या मार्शल लॉ की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर चिंता जताई और कहा कि छात्रों की मांगों पर चर्चा होनी चाहिए। बैठक में आरजेडी सांसद मनोज झा और कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग समेत कई नेता भी शामिल हुए। मनोज झा ने युवाओं में बढ़ती बेचैनी पर चिंता जताई, जबकि वडिंग ने कहा कि विपक्ष अपनी रणनीति के साथ आगे बढ़ेगा।