CJP PROTEST: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंच से इसकी घोषणा करते हुए इसे आंदोलन की बड़ी जीत बताया।
‘हमने कर दिखाया’
अभिजीत दीपके ने कहा, “लोग कहते थे कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते, लेकिन हमने कर दिखाया। झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए। यह जीत उन छात्रों को समर्पित है, जिन्होंने नीट पेपर लीक की वजह से अपनी जान गंवाई।” घोषणा के बाद जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और जश्न मनाया। दीपके ने मंच से उन छात्रों के नाम भी पढ़े, जिनकी मौत का जिक्र आंदोलन के दौरान किया जाता रहा।
CJP PROTEST: दो मांगें अभी भी बाकी
दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा आंदोलन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन उनकी दो प्रमुख मांगें अभी भी पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर बल प्रयोग करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया पर भी साझा किया वीडियो
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो साझा किया। वीडियो में अभिजीत दीपके को फोन पर इस्तीफे की जानकारी मिलती है, जिसके बाद वह मंच से इसकी घोषणा करते हैं और प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोग जश्न मनाते दिखाई देते हैं।
ये भी पढ़े… बिहार बंद में हिरासत में लिए गए तेज प्रताप यादव, बोले- छात्रों और युवाओं की लड़ाई में हमेशा साथ हूं








