Home » राष्ट्रीय » छात्रों पर लाठीचार्ज मामले में राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र

छात्रों पर लाठीचार्ज मामले में राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र

राहुल गांधी ने अमित शाह से मांगा जवाब

Rahul Gandhi: दिल्ली के जंतर-मंतर से 20 जुलाई को निकाले गए ‘संसद मार्च’ के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। इस मामले में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूछा है कि छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग करने का आदेश किसने दिया था।

राहुल गांधी ने पत्र में क्या लिखा?

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि वह 20 जुलाई 2026 को दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित बर्बर हमले के लिए जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।उन्होंने लिखा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध करना नागरिकों का अधिकार है। उनका कहना है कि छात्रों पर इस तरह की हिंसा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे पूरे देश में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि देश के युवा और छात्र इस घटना पर जवाब और जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग कर रहे हैं तथा उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए।

छात्रों पर बल प्रयोग का आरोप

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्र निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि उनकी बात सुनने के बजाय सुरक्षा बलों ने उन पर अंधाधुंध बल प्रयोग किया, जिसमें आंसू गैस और घातक हथियारों का इस्तेमाल किया गया।उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में सैकड़ों छात्र घायल हुए। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि महिला छात्राओं के साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की और उनके निजी अंगों को भी निशाना बनाया गया।

पेलेट गन के इस्तेमाल पर जताई चिंता

राहुल गांधी ने पत्र में पेलेट गन के इस्तेमाल को सबसे गंभीर और चौंकाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आई रिपोर्टों में कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई है, जिनमें एक पत्रकार भी शामिल है।उन्होंने लिखा कि उन्होंने 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब से मुलाकात की, जो पेलेट गन की गोली लगने के बाद गंभीर दर्द में है और उसकी एक आंख की रोशनी जाने की आशंका है।

गृह मंत्री से पूछे ये सवाल

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि दिल्ली में तैनात सुरक्षा बल आखिरकार केंद्रीय गृह मंत्री के अधीन काम करते हैं। इसी आधार पर उन्होंने अमित शाह से दो सीधे सवाल पूछे:

  • गृह मंत्री के रूप में क्या आपने छात्रों के खिलाफ घातक बल के इस्तेमाल की मंजूरी दी थी? यदि नहीं, तो इसकी अनुमति किसने दी?
  • प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में दिखाई देने वाले वे लोग कौन थे, जो छात्रों की पिटाई कर रहे थे? क्या वे पुलिसकर्मी थे या स्वयंसेवक? उनकी तैनाती की अनुमति किसने दी?

यह भी पढ़े…जंगल की आग ने मचाई तबाही: फ्रांस ने उतारा सैन्य विमान, स्पेन में 45,000 हेक्टेयर जंगल जलकर राख