Home » उत्तर प्रदेश » गुरु पूर्णिमा पर CM योगी का संदेश- गुरु केवल शिक्षा नहीं, जीवन को दिशा देते हैं; उनके आदर्शों को अपनाएं

गुरु पूर्णिमा पर CM योगी का संदेश- गुरु केवल शिक्षा नहीं, जीवन को दिशा देते हैं; उनके आदर्शों को अपनाएं

UP NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा भी प्रदान करते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

गुरु पूर्णिमा आध्यात्मिक चेतना और श्रद्धा का पर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में गुरु को साक्षात परम ब्रह्म का स्वरूप माना गया है। गुरु पूर्णिमा केवल श्रद्धा और सम्मान का पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आध्यात्मिक चेतना का भी उत्सव है। उन्होंने बताया कि यह पर्व महर्षि वेदव्यास की स्मृति में व्यास पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है, जबकि बौद्ध, जैन और सिख परंपराओं में भी इसका विशेष महत्व है।

UP NEWS: राम और कृष्ण के जीवन से सीखने का संदेश

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने गुरु वशिष्ठ और भगवान श्रीकृष्ण ने महर्षि सांदीपनि से शिक्षा ग्रहण कर आदर्श जीवन का मार्ग अपनाया। उन्होंने कठोपनिषद का उल्लेख करते हुए कहा कि नचिकेता ने क्षणिक सुखों के बजाय सत्य और आत्मज्ञान का मार्ग चुना, जो गुरु की शिक्षा का सर्वोच्च उदाहरण है।

शिक्षकों के सम्मान और सशक्तीकरण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में शिक्षकों के सम्मान और सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समयबद्ध सेवा सुविधाएं, आधुनिक डिजिटल संसाधन और क्षमता विकास कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराया गया है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सकें।

UP NEWS: कैशलेस चिकित्सा योजना से लाखों शिक्षक लाभान्वित

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के लगभग 60 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रित लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं उच्च शिक्षा संस्थानों के 7.50 लाख से अधिक शिक्षक और उनके परिवार भी इस योजना के दायरे में हैं। जल्द ही 2.50 लाख से अधिक शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

गुरु के आदर्श अपनाकर विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु ज्ञान का वह प्रकाश हैं, जो व्यक्ति को अज्ञान के अंधकार से निकालकर सत्य, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करें और उनके बताए आदर्शों को जीवन में अपनाकर विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

ये भी पढ़े… पेपर लीक पर सख्त कानून लाने की तैयारी, सरकार आज पेश करेगी लोक परीक्षा संशोधन विधेयक