Home » उत्तर प्रदेश » NEET-UG: जंतर-मंतर आंदोलन में छात्रों की मदद करने वाले मोहम्मद जुनैद के पिता का बयान आया सामने, पुलिस पूछताछ में में कही बड़ी बात

NEET-UG: जंतर-मंतर आंदोलन में छात्रों की मदद करने वाले मोहम्मद जुनैद के पिता का बयान आया सामने, पुलिस पूछताछ में में कही बड़ी बात

NEET-UG: जंतर-मंतर आंदोलन में छात्रों की मदद करने वाले मोहम्मद जुनैद के पिता का बयान आया सामने, पुलिस पूछताछ में में कही बड़ी बात

NEET-UG: NEET-UG पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए खाने-पीने और पानी की व्यवस्था कर चर्चा में आए गाजियाबाद निवासी मोहम्मद जुनैद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला उनके परिवार से जुड़ा है। हाल ही में जुनैद ने आरोप लगाया था कि छात्रों की मदद करने की वजह से उनके परिवार को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। इसी बीच उनके पिता का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने पुलिस पूछताछ को लेकर अपनी बात रखी है। वहीं गाजियाबाद पुलिस ने भी पूरे मामले पर अपना आधिकारिक पक्ष सामने रखा है।

क्या बोले जुनैद के पिता?

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मोहम्मद जुनैद के पिता मुस्तफा ने बताया कि उन्हें मसूरी थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनसे कुछ सवाल किए और पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह अपने घर वापस आ चुके हैं।मुस्तफा ने वीडियो में कहा, “मेरा नाम मुस्तफा है। मेरे पिता का नाम इंतजार है। मैं गांव नाहल का रहने वाला हूं। मेरा लड़का दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल था। मुझे थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के बाद मुझे छोड़ दिया गया और मैं अपने घर वापस आ गया हूं।”

NEET-UG: जुनैद ने लगाए थे पुलिस कार्रवाई के आरोप

इससे पहले मोहम्मद जुनैद ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि 23 जुलाई को गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र की पुलिस उनके पिता को घर से अपने साथ ले गई थी। उनके अनुसार, देर रात पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन अगले दिन सुबह फिर पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।जुनैद ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बहन के ससुर और देवर, जो मेरठ में रहते हैं, उन्हें भी पुलिस गाजियाबाद लेकर आई थी। उन्होंने कहा था कि यह कार्रवाई उनके द्वारा छात्र आंदोलन के दौरान की गई मदद से जुड़ी हुई है।

NEET-UG: गाजियाबाद पुलिस ने क्या कहा?

पूरे मामले पर गाजियाबाद पुलिस ने आरोपों से इनकार किया है। ग्रामीण जोन के डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि मोहम्मद जुनैद के पिता को केवल सामान्य पूछताछ के लिए मसूरी थाने बुलाया गया था। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें तुरंत घर भेज दिया गया और उनकी गिरफ्तारी जैसी कोई कार्रवाई नहीं की गई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुस्तफा द्वारा जारी किया गया वीडियो भी इसी बात की पुष्टि करता है कि पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी की खबरें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं।

कौन हैं मोहम्मद जुनैद?

मोहम्मद जुनैद गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के गांव नाहल के रहने वाले हैं। वह पेशे से वकील हैं और न्यायिक सेवा परीक्षा (Judicial Service Examination) की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह 6 जून को जंतर-मंतर पर शुरू हुए NEET-UG पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में पहुंचे थे।जुनैद के अनुसार, 20 जून को सरकारी नौकरी की परीक्षा देने के बाद जब वह दोबारा प्रदर्शन स्थल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि भीषण गर्मी के बीच धरने पर बैठे छात्रों के लिए पीने के पानी तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर पानी का स्टॉल लगवाया और धीरे-धीरे छात्रों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी शुरू कर दी।

NEET-UG: छात्र आंदोलन के दौरान चर्चा में आए जुनैद

जंतर-मंतर पर चले लंबे छात्र आंदोलन के दौरान मोहम्मद जुनैद लगातार प्रदर्शनकारी छात्रों की मदद करते रहे। करीब एक महीने से अधिक समय तक उन्होंने भोजन और पानी की व्यवस्था कराई, जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। उनकी इस पहल की जहां कई लोगों ने सराहना की, वहीं हालिया घटनाक्रम के बाद उनके परिवार से जुड़ा मामला भी चर्चा का विषय बन गया है।फिलहाल इस पूरे प्रकरण में एक ओर जुनैद पुलिस कार्रवाई के आरोप लगा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि उनके पिता से केवल नियमित पूछताछ की गई थी और पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें सम्मानपूर्वक घर भेज दिया गया। अब इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के दावों पर लोगों की नजर बनी हुई है।