CM Yogi: इटावा की जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा और सनातन आस्था का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब कांवड़ यात्रा को रोकने की बातें होती थीं और यह डर फैलाया जाता था कि शिवभक्त निकलेंगे तो दंगे हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को शंख और घंटों की आवाज से परेशानी होती थी, उन्हें केसरिया रंग से भी जैसे जन्मजात दुश्मनी है।
‘कांवड़ यात्रा रोकने वाले आज संस्कृति की बात कर रहे हैं’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में धार्मिक आयोजनों को लेकर भय और असुरक्षा का माहौल बनाया जाता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा पूरी श्रद्धा, सुरक्षा और सम्मान के साथ निकलती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब उपद्रव का नहीं बल्कि उत्सव का प्रदेश बन चुका है, जहां हर पर्व और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है।
CM Yogi: अखिलेश पर बिना नाम लिए तंज, कहा- जो 12 बजे उठे, उसका भगवान ही मालिक
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति दोपहर 12 बजे सोकर उठता हो, उसका तो भगवान ही मालिक है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशैली ही पहले उत्तर प्रदेश की बदहाली का कारण बनी थी, लेकिन आज प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन की नई पहचान बना चुका है।
‘CM Yogi: जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने वालों से सावधान रहें’
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों को आगाह किया कि कुछ राजनीतिक दल फिर से समाज को जाति, क्षेत्र और पहचान के नाम पर बांटने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग प्रदेश और देश दोनों के हित में नहीं हैं। जनता को विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को मजबूत करना चाहिए।
डबल इंजन सरकार में युवाओं को मिल रहा अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज डबल इंजन सरकार की वजह से इटावा और मैनपुरी जैसे जिलों के युवाओं को भी बिना भेदभाव के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि पढ़ी-लिखी बेटी परिवार और प्रदेश दोनों का भविष्य बदल सकती है। सरकार हर वर्ग को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
CM Yogi: ‘सैफई सिंडिकेट ने युवाओं का भविष्य छीना’
योगी आदित्यनाथ ने सैफई सिंडिकेट और परिवारवाद पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिवारवाद ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक अभियान को कमजोर कर दिया और युवाओं के अधिकारों पर डाका डाला। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश अराजकता का प्रतीक था, जबकि आज कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि सैफई मेडिकल संस्थान का अधूरा कार्य उनकी सरकार ने पूरा कराया।
इटावा को ₹604 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा को ₹604 करोड़ की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
ये भी पढ़े…….युवाओं पर पैलेट गन का इस्तेमाल पड़ा भारी तो क्या होगी सजा? जानिए पुलिस और सुरक्षा बलों के खिलाफ क्या कहता है कानून








