Home » उत्तर प्रदेश » UP Teachers Medical Scheme: यूपी के शिक्षकों के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला 5 लाख तक कैशलेस इलाज, 3 करोड़ तक बीमा सुरक्षा

UP Teachers Medical Scheme: यूपी के शिक्षकों के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला 5 लाख तक कैशलेस इलाज, 3 करोड़ तक बीमा सुरक्षा

UP Teachers Medical Scheme: यूपी के शिक्षकों के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला 5 लाख तक कैशलेस इलाज, 3 करोड़ तक बीमा सुरक्षा

UP Teachers Medical Scheme: उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों और कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के खंदारी कैंपस में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना’ का शुभारंभ किया। इसी कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच महत्वपूर्ण एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस नई पहल से प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक शिक्षक, कर्मचारी और उनके आश्रित परिवारों को स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा।

हर साल मिलेगा 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज

नई योजना के तहत पात्र शिक्षकों और उनके परिवारों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में हर वर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का लाभ कार्ड जारी होने के पहले दिन से ही शुरू हो जाएगा।इस सुविधा के तहत भर्ती, ऑपरेशन, दवाइयों, जांच और डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी, जिससे गंभीर बीमारी की स्थिति में शिक्षकों को आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना पड़ेगा।

UP Teachers Medical Scheme: 1900 से अधिक बीमारियों का होगा इलाज

योजना का संचालन SACHIS के माध्यम से किया जाएगा और इलाज आयुष्मान भारत की निर्धारित दरों पर उपलब्ध होगा। इसमें 1900 से अधिक बीमारियों को शामिल किया गया है। कैंसर, हृदय रोग, किडनी की गंभीर बीमारी, न्यूरो सर्जरी समेत कई महंगे इलाज भी इस योजना के दायरे में आएंगे।कार्यक्रम के दौरान पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए समझौते के तहत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कई अतिरिक्त बीमा सुविधाएं भी मिलेंगी।इनमें 1.50 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 3 करोड़ रुपये तक का हवाई दुर्घटना बीमा, 12 लाख रुपये का टर्म लाइफ इंश्योरेंस और 60 हजार रुपये तक का अस्पताल नकद लाभ शामिल है। इससे शिक्षकों और उनके परिवारों को भविष्य में आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार मिलेगा।

UP Teachers Medical Scheme: 1.28 लाख से अधिक परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ

इस योजना का लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों, सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और स्ववित्तपोषित संस्थानों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी तथा उनके आश्रित परिवारों को मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षक समाज और देश के भविष्य का निर्माण करते हैं, इसलिए उनका स्वास्थ्य और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।योजना से लाभान्वित होने वाले शिक्षकों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जैसा बताया। लाभार्थियों का कहना है कि अब गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज के लिए कर्ज लेने की चिंता काफी हद तक खत्म हो जाएगी।शिक्षकों ने माना कि दुर्घटना बीमा, टर्म लाइफ इंश्योरेंस और कैशलेस इलाज जैसी सुविधाएं उनके परिवारों को आर्थिक और मानसिक सुरक्षा प्रदान करेंगी। विशेष रूप से कैंसर और हृदय रोग जैसे महंगे इलाज की सुविधा मिलने से शिक्षकों का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

शिक्षकों के कल्याण की दिशा में बड़ा कदम

प्रदेश सरकार का मानना है कि यह योजना केवल स्वास्थ्य सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षकों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करेगी। कैशलेस इलाज और करोड़ों रुपये के बीमा कवर जैसी सुविधाएं शिक्षकों को भविष्य की चिंताओं से मुक्त कर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद करेंगी।सरकार का कहना है कि शिक्षकों का सम्मान, सुरक्षा और कल्याण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी दिशा में यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।