Home » उत्तर प्रदेश » नेपाल से प्रेमानंद महाराज के दर्शन को निकले मासूम भाई-बहन, वृंदावन पहुंच फुटपाथ पर बिताई रात

नेपाल से प्रेमानंद महाराज के दर्शन को निकले मासूम भाई-बहन, वृंदावन पहुंच फुटपाथ पर बिताई रात

नेपाल से प्रेमानंद महाराज के दर्शन को निकले मासूम भाई-बहन, वृंदावन पहुंच फुटपाथ पर बिताई रात

Premanand Maharaj News: संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों का प्रभाव देश ही नहीं, पड़ोसी देश नेपाल तक देखने को मिल रहा है। हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। नेपाल के रहने वाले दो मासूम भाई-बहन स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकले और सीधे वृंदावन पहुंच गए। उनका उद्देश्य केवल एक था—प्रेमानंद महाराज के दर्शन करना और उनसे मिलना। हालांकि, दोनों बच्चों को अकेला देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।

प्रवचनों से प्रभावित होकर घर से निकले बच्चे

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे नेपाल के रूपनदेई जिले के रहने वाले हैं। 13 वर्षीय लड़का कक्षा छह का छात्र है, जबकि उसकी सात वर्षीय बहन एलकेजी में पढ़ती है। बताया जा रहा है कि दोनों संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से इतने प्रभावित थे कि उन्होंने उनसे मिलने का फैसला कर लिया। इसी सोच के साथ वे स्कूल जाने का बहाना बनाकर घर से निकल पड़े।घर से निकलते समय दोनों बच्चों ने अपने स्कूल बैग में किताबों की जगह कपड़े रखे। इसके बाद वे नेपाल सीमा पार कर उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में पहुंचे। वहां से नौतनवा रेलवे स्टेशन पहुंचे और मात्र 35 रुपये का टिकट लेकर गोरखपुर पहुंचे। गोरखपुर से उन्होंने मथुरा जाने वाली ट्रेन पकड़ी और फिर रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा के जरिए शनिवार देर शाम वृंदावन पहुंच गए।

Premanand Maharaj News: आश्रम में भोजन किया, फिर फुटपाथ पर गुजारी रात

वृंदावन पहुंचने के बाद दोनों बच्चों ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम का रुख किया। वहां उन्होंने भोजन किया और महाराज के दर्शन व मुलाकात की कोशिश की। रात होने पर रहने की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण दोनों ने फुटपाथ पर ही रात बिताई। अगले दिन जब स्थानीय लोगों की नजर इन दोनों मासूम बच्चों पर पड़ी तो उन्हें शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को अपने साथ ले गई। पूछताछ के दौरान पता चला कि वे नेपाल से अकेले वृंदावन पहुंचे हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के संरक्षण में भेज दिया और उनके परिजनों से संपर्क किया। पुलिस ने बच्चों के माता-पिता को पूरे मामले की जानकारी दे दी है और उन्हें सुरक्षित घर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Premanand Maharaj News: प्रेमानंद महाराज के बढ़ते प्रभाव की चर्चा

संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन देशभर में बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित कर रहे हैं। आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ कई प्रसिद्ध हस्तियां भी उनके अनुयायियों में शामिल हैं। क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा कई बार उनके आश्रम पहुंच चुके हैं। हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी वृंदावन स्थित आश्रम में जाकर उनसे मुलाकात की थी। नेपाल से दो मासूम बच्चों का केवल उनके दर्शन के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर वृंदावन पहुंच जाना, उनके आध्यात्मिक प्रभाव की एक अनोखी मिसाल माना जा रहा है।

 

ये भी पढ़े…..लोकसभा में पेपर लीक रोकने वाला बिल पेश, स्पीकर बोले- सुधार की दिशा में पहला कदम