Bengaluru News: बेंगलुरु के ईस्ट डिवीजन इलाके में रात के समय कैब का इंतजार कर रही एक महिला से अभद्र व्यवहार करने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया था। अपनी पोस्ट में उसने बताया कि आरोपी KA03 KQ6190 नंबर वाले वाहन पर सवार था।
महिला ने बताया कि रविवार रात वह KPL गार्डन्स के पास, 5A क्रॉस, मंजुनाथ नगर, कल्केरे इलाके में कैब का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पास आया और पैसों के बदले गलत प्रस्ताव दिया। महिला ने कहा कि एक महिला होने के नाते उसे सार्वजनिक स्थान पर सुरक्षित तरीके से अपनी कैब का इंतजार करने का पूरा अधिकार है।
सोशल मीडिया पर साझा की पूरी घटना
महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक जगह पर इस तरह की बदसलूकी का सामना नहीं करना चाहिए। आरोपी की बातें डराने वाली और बेहद अभद्र थीं, जिससे उसे अपनी सुरक्षा की चिंता होने लगी।उसने कहा कि वह यह घटना इसलिए साझा कर रही है ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और संबंधित अधिकारी तुरंत कार्रवाई करें। महिला के अनुसार, ऐसे व्यवहार को सामान्य मानना या नजरअंदाज करना बिल्कुल गलत है।
अधिकारियों से कार्रवाई की अपील
महिला ने कानून लागू करने वाली एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उसने कहा कि हर व्यक्ति को सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी डर और यौन उत्पीड़न के सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है।साथ ही उसने लोगों से अपील की कि अगर वे इस तरह की घटनाओं के गवाह बनें तो चुप न रहें और आवाज उठाएं। उसका कहना था कि चुप्पी अपराधियों का हौसला बढ़ाती है, जबकि सार्वजनिक स्थान सभी के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक होने चाहिए।महिला की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। स्कूटी के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।
महिला की हिम्मत की हो रही सराहना
सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ होने वाली ऐसी घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। हालांकि इस मामले में लोग महिला की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उसने डरने के बजाय आवाज उठाई, जिसकी वजह से आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गया।इस घटना से पहले भी बेंगलुरु में एक महिला ट्रेनी अधिकारी ने गंभीर आरोप लगाए थे। महिला ने दावा किया था कि एक ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने उसके ऊपर कंडोम के तीन पैकेट फेंके, उसके साथ मारपीट की और यौन उत्पीड़न किया।
ये भी पढ़ें…उत्तरी इराक के इरबिल में ईरानी ड्रोन हमला, अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास कई धमाके








