Monsoon Session of Parliament: संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव जारी रहा। प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। दोनों सदनों में प्रश्नकाल भी नहीं चल सका।
लोकसभा में प्रश्नकाल नहीं चल सका
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद अपनी सीटों से उठकर नारेबाजी करने लगे। वे प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग कर रहे थे। लोकसभा अध्यक्ष ने कई बार सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
Monsoon Session of Parliament: राज्यसभा में नियम 267 पर अड़ा विपक्ष
राज्यसभा में विपक्ष ने नियम 267 के तहत कार्यस्थगन प्रस्ताव स्वीकार कर छात्रों के मुद्दे पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की। सभापति की अपील के बावजूद विपक्षी सदस्य अपनी मांग पर अड़े रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे। शोर-शराबे के बीच कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी और राज्यसभा को भी दोपहर 2 बजे तक स्थगित करना पड़ा।
सरकार ने विपक्ष पर लगाया आरोप
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को कहा था कि विपक्ष जानबूझकर सदन नहीं चलने दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक’ पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष बहस से बच रहा है।
Monsoon Session of Parliament: छात्रों का मुद्दा बना गतिरोध की वजह
मानसून सत्र के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा लगातार विपक्ष के निशाने पर है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों सदनों में लगातार गतिरोध बना हुआ है, जिससे निर्धारित विधायी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ये भी पढ़े… 2027 चुनाव आते ही ओवैसी के बदले तेवर, खुले मंच से दिया गठबंधन का ऑफर बोले- ‘हाथ मिलाने को तैयार हूं…’








