Home » राष्ट्रीय » दतिया उपचुनाव में कल त्रिकोणीय मुकाबला, 2.20 लाख मतदाता करेंगे 21 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

दतिया उपचुनाव में कल त्रिकोणीय मुकाबला, 2.20 लाख मतदाता करेंगे 21 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

Datia By-Election

Datia By-Election: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कल मतदान होगा। चुनावी मैदान में उतरे 21 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी। इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी, कांग्रेस के घनश्याम सिंह और आजाद समाज पार्टी (ASP) के दामोदर यादव के बीच माना जा रहा है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 20 हजार मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

291 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान

दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 233 मतदान केंद्र संवेदनशील श्रेणी में हैं। वहीं, गांव और शहर की 18 लोकेशन पर स्थित 29 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की ओर से हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

Datia By-Election: 2023 में कांग्रेस ने 7,742 वोट से जीता था चुनाव

दतिया विधानसभा का पिछला चुनाव भी काफी रोचक रहा था। 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती को 88,977 वोट मिले थे और उनका वोट शेयर 50.34 प्रतिशत रहा था। वहीं, भाजपा के डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 81,235 वोट मिले थे और उनका वोट शेयर 45.96 प्रतिशत था। कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों के अंतर से हराया था। 2023 में कुल 1,39,828 मतदाताओं ने मतदान किया था। इस दौरान कुल मतदान प्रतिशत 73.62 रहा, जो 2018 के 76.80 प्रतिशत के मुकाबले 3.18 प्रतिशत कम था। कम मतदान प्रतिशत को भी उस चुनाव के नतीजों में महत्वपूर्ण कारक माना गया था। अब उपचुनाव में मतदाताओं की भागीदारी और मतदान प्रतिशत पर सभी की नजरें रहेंगी।

1,600 CRPF जवानों समेत भारी सुरक्षा बल तैनात

उपचुनाव को देखते हुए दतिया में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में सीआरपीएफ की 16 कंपनियों के करीब 1,600 जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा SAF के 150 जवान, 600 दतिया पुलिसकर्मी और 200 होमगार्ड भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पुलिस अधिकारी सहित छह सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सशस्त्र बल भी मौजूद रहेगा।

Datia By-Election: 36 पेट्रोलिंग टीमें और QRT रहेंगी सक्रिय

पूरे विधानसभा क्षेत्र में 36 पुलिस पेट्रोलिंग टीमें और QRT लगातार सक्रिय रहेंगी। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में लगातार गश्त की जाएगी। सभी पेट्रोलिंग टीमों को कंट्रोल रूम से वायरलेस और मोबाइल नेटवर्क के जरिए जोड़ा गया है। ईवीएम स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र पर 24 घंटे सातों दिन बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक थाना क्षेत्र में रिजर्व पुलिस बल को भी तैयार रखा गया है। प्रशासन का लक्ष्य शांतिपूर्ण मतदान के साथ मतदाताओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

ये भी पढ़ें…बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला, 24 एजेंडों पर लगी मुहर; 22 हजार आंगनबाड़ी पदों पर होगी बहाली