Home » Breaking News » छात्रों पर हिंसा के आरोपों के बीच CRPF चीफ का बड़ा ऐलान – मैं लूंगा जिम्मेदारी, डरने की जरूरत नहीं

छात्रों पर हिंसा के आरोपों के बीच CRPF चीफ का बड़ा ऐलान – मैं लूंगा जिम्मेदारी, डरने की जरूरत नहीं

Jantar Mantar Action: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने जवानों और अधिकारियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान राष्ट्रहित, जनहित और बलहित में लिए गए फैसलों की जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे और जवान निर्भय होकर अपना कर्तव्य निभाते रहें।

‘हर फैसले की जिम्मेदारी मेरी’

सीआरपीएफ के इन्वेस्टीचर समारोह को संबोधित करते हुए डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ऑपरेशनल बटालियन हो या कानून-व्यवस्था की यूनिट, सभी जवान देशहित में जो भी निर्णय लेते हैं, उसकी जिम्मेदारी महानिदेशक के तौर पर उनकी होगी। उन्होंने कहा कि जहां भी जवाबदेही तय करने की जरूरत पड़ेगी, वह स्वयं इसकी जिम्मेदारी लेंगे।

Jantar Mantar Action: मुख्यालय ने जवानों का बढ़ाया मनोबल

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीआरपीएफ मुख्यालय ने अपनी फील्ड यूनिट्स को संदेश भेजकर हालिया तैनातियों के दौरान जवानों के धैर्य और संयम की सराहना की है। हालांकि, बल ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर जानबूझकर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

RAF की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। आरोप है कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान बल प्रयोग किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, RAF ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्लास्टिक पैलेट के दो राउंड भी चलाए थे। हालांकि, शुरुआती दौर में दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन के इस्तेमाल के आरोपों से इनकार किया था।

Jantar Mantar Action: जंतर-मंतर प्रदर्शन बना विवाद का केंद्र

नीट पेपर लीक के विरोध में आयोजित संसद मार्च के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में जुटे थे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें छात्रों पर बल प्रयोग को लेकर सवाल उठाए गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पैलेट गन के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है।

मामले की जांच जारी

सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर उठे विवाद के बाद सीआरपीएफ ने पूरे घटनाक्रम की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े… दतिया में 16.33% मतदान के बीच जुबानी जंग तेज, भाजपा ने विकास पर मांगे वोट; कांग्रेस बोली- इस बार टूटेगा अहंकार