Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला आरक्षक ने एक युवक पर अपनी पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की और लंबे समय तक संबंध बनाए। महिला ने गर्भवती होने के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहचान छिपाकर दोस्ती और शादी का झांसा देने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात कोर्ट में ड्यूटी के दौरान आरोपी से हुई थी। उसने अपना नाम सौरभ सिंह और गोलू बताकर दोस्ती की। महिला का आरोप है कि आरोपी का वास्तविक नाम शोहराब शेख है और उसने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर करीब एक वर्ष तक शादी का वादा करते हुए शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी उससे दूरी बनाने लगा और संबंध खत्म करने की कोशिश करने लगा।
Jabalpur News: धर्म परिवर्तन और धमकी के गंभीर आरोप
महिला आरक्षक ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने बाद में अपनी वास्तविक पहचान उजागर की और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उससे जबरन 40 दिन तक रोजा रखवाया गया और उसे गौमांस खिलाया गया। पीड़िता का दावा है कि आरोपी और उसके परिवार की ओर से उसे लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं। महिला का कहना है कि आरोपी कोर्ट परिसर में भी अलग-अलग पहचान के साथ आता-जाता था। उसने बताया कि आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी के जरिए उसकी वास्तविक पहचान का खुलासा हुआ।
पांच महीने की गर्भवती पीड़िता ने मांगी कार्रवाई
महिला आरक्षक ने बताया कि वह वर्तमान में पांच महीने की गर्भवती है और न्याय की उम्मीद लेकर एसपी कार्यालय पहुंची है। उसने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और महिला के लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य और दोनों पक्षों के बयान जुटाने में लगी है।








