Maharashtra News: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। कुपटी नदी के उफनते बहाव को पार करने की कोशिश के दौरान एक एसयूवी कार नदी में बह गई, जिससे एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। हादसे में महिला के पति ने किसी तरह पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचा ली, लेकिन वह अपनी पत्नी और बेटियों को बचाने में असहाय रहे। घटना के बाद पुलिस, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमों ने रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और शुक्रवार को कार के साथ तीनों शव बरामद कर लिए।
उफनती नदी पार करना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार को उस समय हुआ जब परिवार अहिल्यानगर जिले के लोणी क्षेत्र की ओर जा रहा था। लगातार बारिश के कारण दारव्हा इलाके में कुपटी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था और पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। बताया जा रहा है कि चालक अविनाश खंदारे पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अनुमान नहीं लगा सके। जैसे ही उन्होंने पुल पार करने की कोशिश की, तेज धार ने एसयूवी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही पलों में पूरी कार नदी में बह गई।
Maharashtra News: पति ने पेड़ पकड़कर बचाई जान
हादसे के दौरान अविनाश खंदारे किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने पास के एक पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचा ली, लेकिन उनकी पत्नी माधवी और दोनों छोटी बेटियां कार के भीतर ही फंस गईं और तेज बहाव में बह गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूरी रात तलाशी अभियान चलाया गया। शुक्रवार को एनडीआरएफ और बचाव दल ने नदी से कार को बाहर निकाला और महिला व दोनों बच्चियों के शव बरामद किए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
एनडीआरएफ और प्रशासन ने चलाया राहत अभियान
हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीम ने नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद कार और तीनों शवों को बाहर निकाला गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनती नदियों, पुलों और जलमग्न रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं और मौसम विभाग व प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।
Maharashtra News: महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई क्षेत्रों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट लागू है। लगातार बारिश के कारण कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के अनुसार, बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं करीब 100 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है तथा संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। साथ ही नागरिकों से मौसम संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
ये भी पढ़ें…प्रियंका गांधी की टिप्पणी पर विवाद, शिक्षाविदों ने प्रो. वी. कामकोटि के समर्थन में उठाई आवाज








