BJP LEADER STATEMENT: संसद से पारित ‘वंदे मातरम’ विधेयक और एंटी-पेपर लीक कानून का भाजपा नेताओं ने स्वागत किया है। भाजपा की वरिष्ठ नेता साध्वी निरंजन ज्योति, सांसद नरेश बंसल और प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि ये दोनों कानून राष्ट्र सम्मान और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं।
‘वंदे मातरम’ के अपमान पर होगी कार्रवाई
साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ राष्ट्र सम्मान का प्रतीक है और इसका अपमान करने वालों के खिलाफ अब कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आजादी के आंदोलन से जुड़ा राष्ट्रभाव का प्रतीक है।
BJP LEADER STATEMENT: ओवैसी की टिप्पणी पर भाजपा का पलटवार
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि भारत माता सभी देशवासियों की मां हैं और उनका सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सवाल किया कि ‘वंदे मातरम’ से किसी को आपत्ति क्यों होनी चाहिए।
पेपर लीक पर जीरो टॉलरेंस
एंटी-पेपर लीक कानून पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए कठोर कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक लंबे समय से संगठित अपराध बन चुका था और अब दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
BJP LEADER STATEMENT: ‘तुष्टिकरण नहीं, राष्ट्रहित सर्वोपरि’
भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि मोदी सरकार राष्ट्रहित के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें तुष्टिकरण की राजनीति के कारण ऐसे फैसले लेने से बचती थीं, जबकि वर्तमान सरकार राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम’ जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा पेपर लीक का ट्रायल
भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि नया एंटी-पेपर लीक कानून प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा करता है। उन्होंने बताया कि कानून में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए मामलों के त्वरित निपटारे और दोषियों को जल्द सजा दिलाने का प्रावधान किया गया है। उनके अनुसार, इससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और पेपर लीक माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
ये भी पढ़े… ताहिर हुसैन को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद AAP पर निशाना साध क्या बोल रहे BJP नेता?








