Home » Breaking News » ‘बड़े हमले करने में सक्षम नहीं आतंकी, इसलिए आसान लक्ष्यों को बना रहे निशाना’, बोले पूर्व DGP एसपी वैद

‘बड़े हमले करने में सक्षम नहीं आतंकी, इसलिए आसान लक्ष्यों को बना रहे निशाना’, बोले पूर्व DGP एसपी वैद

Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम आतंकी हमले में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के बाद पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) एसपी वैद ने कहा कि आतंकवादी अब बड़े हमले करने की स्थिति में नहीं हैं। इसलिए वे निहत्थे नागरिकों और प्रवासी मजदूरों जैसे आसान लक्ष्यों को निशाना बनाकर घाटी में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों से पहले नाम और धर्म पूछना आतंकियों की सुनियोजित रणनीति का हिस्सा है।

‘पहचान पूछकर हत्या करना नई नहीं, पुरानी रणनीति’

पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दो युवक रोज़गार के लिए कश्मीर आए थे, लेकिन आतंकियों ने पहले उनकी पहचान और धर्म पूछा, फिर गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि यह तरीका पहलगाम के बैसरन आतंकी हमले से मिलता-जुलता है, जहां पहचान के आधार पर लोगों को निशाना बनाया गया था।

Kulgam Terror Attack: सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

एसपी वैद ने बताया कि घटना ऐसे समय हुई है, जब अमरनाथ यात्रा जारी है। इसे देखते हुए पुलिस, सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बल, सीआईडी, आईबी और अन्य खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से पूरे मामले की समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हमले में शामिल आतंकियों की जल्द पहचान कर उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

Kulgam Terror Attack: आतंकियों की क्षमता कमजोर हुई’

सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर विजय सागर धीमान ने कहा कि वर्ष 2019 के बाद सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से आतंकवादी संगठनों की क्षमता काफी कमजोर हुई है। उनके अनुसार, अब आतंकी बड़े हमलों को अंजाम देने में सक्षम नहीं हैं, इसलिए वे निहत्थे नागरिकों, प्रवासी मजदूरों और अन्य आसान लक्ष्यों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री ने जताई चिंता

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र कुमार चौधरी ने कुलगाम में दो मजदूरों की हत्या पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या और अनंतनाग में एक सैनिक की शहादत जैसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता की ओर संकेत करती हैं।

Kulgam Terror Attack: जांच जारी, आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन

सुरक्षा एजेंसियां हमले के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और हमले में शामिल आतंकियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

ये भी पढ़े… ‘पहले एयरपोर्ट एक ही परिवार के नाम पर होते थे’, भोगपुरम से पीएम मोदी ने कांग्रेस को क्यों घेरा?