Usmanpur Roof Collapse: दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक मकान की छत अचानक गिरने से पति-पत्नी मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। वहीं, उनका 9-10 साल का बेटा इस हादसे में सुरक्षित बच गया।हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाना शुरू किया और पुलिस की मदद से दंपती को बाहर निकाला। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची
दमकल विभाग के मुताबिक, रविवार रात गामरी एक्सटेंशन में हंसराज डेयरी के पास एक मकान की छत गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क फायर स्टेशन से तीन वाटर टेंडर और एक रेस्क्यू वाहन मौके पर भेजा गया।जब दमकल अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक स्थानीय लोग और पुलिस मलबे में दबे दंपती को बाहर निकाल चुके थे। दोनों को कैट्स एंबुलेंस के जरिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान 32 वर्षीय टिंकू और उनकी 30 वर्षीय पत्नी उर्मिला के रूप में की है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगभग 120 वर्ग फुट क्षेत्र की छत अचानक भरभराकर गिर गई। यह मकान भूतल और पहली मंजिल का बना हुआ था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छत गिरने की वजह क्या थी।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का समय
स्थानीय निवासी बलबीर सिंह परमार ने बताया कि हादसा रात करीब 9:45 बजे हुआ। मकान में पति, पत्नी और उनका छोटा बेटा रहते थे। छत गिरते ही आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला।उन्होंने बताया कि घायल टिंकू को अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उर्मिला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
परमार ने बताया कि हादसे की जानकारी उन्होंने तुरंत स्थानीय बीट कांस्टेबल को दी। सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में बीट अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस टीम, दमकल विभाग और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे दंपती
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक दंपती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा या मैनपुरी जिले के रहने वाले थे। हादसे में सुरक्षित बचे उनके बेटे के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की टीम यह पता लगा रही है कि मकान की छत किन कारणों से गिरी और हादसे के पीछे क्या वजह रही।








