Home » बिहार » बिहार: सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में भड़की भीषण आग, मची अफरा-तफरी

बिहार: सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में भड़की भीषण आग, मची अफरा-तफरी

सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर ट्रेन में आग

Bihar Train Fire: बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (63344) में सुबह करीब 3:25 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री व रेलवे कर्मचारी घबरा गए।

इंजन के पास लगी आग, तीन डिब्बों तक पहुंची

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग ट्रेन के बीच वाले इंजन के पास शुरू हुई और देखते ही देखते तीन डिब्बों तक फैल गई। कुछ ही मिनटों में धुएं का घना गुबार और ऊंची लपटें पूरे इलाके में दिखाई देने लगीं। उस समय ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। जैसे ही लोगों ने आग देखी, वे तुरंत डिब्बों से बाहर निकलने लगे। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

यात्रियों ने बताई पूरी घटना

सहरसा के रहने वाले यात्री संजय कुमार ने बताया कि सबसे पहले उन्हें डिब्बे के नीचे से तेज गर्मी महसूस हुई। जब उन्होंने नीचे उतरकर देखा तो आग की लपटें दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत बाकी यात्रियों को सतर्क किया, जिससे सभी समय पर बाहर निकल सके।एक अन्य यात्री राजू कुमार ने बताया कि वह मानसी स्टेशन से सिमरी बख्तियारपुर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के कुछ ही देर बाद इंजन के पास आग दिखाई दी, जो देखते ही देखते विकराल रूप ले गई।

Bihar Train Fire: सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर ट्रेन में आग
सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर ट्रेन में आग
स्टेशन अधिकारियों ने खाली कराया ट्रेन का कोच

आग फैलने के बाद स्टेशन अधिकारियों ने तुरंत यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकलने के निर्देश दिए। अचानक मिली चेतावनी के कारण कोच के अंदर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।घटना की सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना के कारण सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ।

कई ट्रेनें हुईं देर से संचालित

स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार सज्जन ने बताया कि आग लगने की घटना के बाद रेलवे सेवाएं प्रभावित रहीं। कोसी एक्सप्रेस (सहरसा–पटना), जानकी एक्सप्रेस (मनिहारी–जयनगर), सहरसा–समस्तीपुर पैसेंजर और श्रावणी स्पेशल (सहरसा–देवघर) समेत कई ट्रेनों का संचालन देर से हुआ।स्टेशन अधीक्षक के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का निरीक्षण किया। रेलवे ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग से प्रभावित तीनों डिब्बों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

यह भी पढ़े- दिल्ली के उस्मानपुर में दर्दनाक हादसा: मकान की छत गिरने से दंपती की मौत, 10 वर्षीय बेटा सुरक्षित बचा