Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली कंपनी में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन राहत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
आग बुझाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा ईकोटेक-3 स्थित ILGIM कंपनी में हुआ। जब दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे थे, तभी कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में फायर सर्विस के पांच कर्मचारी आ गए।घायल हुए कर्मचारियों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल थे।
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाकी तीन घायल दमकलकर्मियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस और SDRF मौके पर तैनात
पुलिस ने बताया कि दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ SDRF की टीम भी मौके पर मौजूद रही। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।ग्रेटर नोएडा का ईकोटेक-3 मुख्य रूप से एक औद्योगिक इलाका है। यहां बड़ी संख्या में फैक्ट्रियां, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। इस क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग, ऑटो कंपोनेंट्स और कई अन्य उद्योगों की इकाइयां मौजूद हैं। हालांकि, आसपास कुछ रिहायशी और मिश्रित उपयोग वाले इलाके भी विकसित हो चुके हैं।
पिछले महीने भी लगी थी बड़ी आग
इससे पहले पिछले महीने नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र के सेक्टर-88 स्थित एक निजी कंपनी में भी देर रात करीब 11 बजे भीषण आग लग गई थी। उस समय कंपनी में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, इसलिए किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था।
यह भी पढ़े- अमेरिका में ट्रंप के नए टैरिफ पर कानूनी विवाद, 25 राज्यों ने कोर्ट में दी चुनौती








