UP Crime News: अयोध्या स्थित दरशख मेडिकल कॉलेज के एक छात्र को मोबाइल फोन पर बम बनाने का तरीका खोजने और उससे जुड़े नोट तैयार करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया है। छात्र की पहचान मोहम्मद सरफराज के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, सरफराज मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे टेक्नीशियन (डिप्लोमा) की पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार रात उसकी एक्स-रे विभाग में ड्यूटी लगी थी। इसी दौरान वह मोबाइल फोन पर कथित तौर पर बम बनाने के तरीके पढ़ रहा था और उनसे संबंधित नोट तैयार कर रहा था।बताया गया कि वह यह जानकारी किसी व्यक्ति के साथ व्हाट्सएप पर भी साझा कर रहा था। इसी दौरान गलती से वह कागज वहीं छूट गया, जो अगले दिन सुबह ड्यूटी पर आए एक कर्मचारी के हाथ लग गया।
प्रशासन ने तुरंत पुलिस को दी सूचना
कर्मचारी द्वारा नोट मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने छात्र को छात्रावास से हिरासत में ले लिया।जांच के दौरान पुलिस ने उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप भी जब्त कर लिया है। मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई गतिविधि
पुलिस के अनुसार, मोबाइल पर जानकारी देखने और नोट तैयार करने की पूरी गतिविधि कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। इसी आधार पर आगे की जांच की जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी छात्र से पूछताछ कर रही हैं।जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह विस्फोटक सामग्री बनाने की जानकारी किसके कहने पर जुटा रहा था और उसका उद्देश्य क्या था।
मोबाइल और लैपटॉप की होगी फोरेंसिक जांच
सुरक्षा एजेंसियों ने छात्र के मोबाइल और लैपटॉप को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। वहीं, छात्रावास में स्थित उसके कमरे को भी सील कर दिया गया है ताकि जांच के दौरान सभी जरूरी साक्ष्य सुरक्षित रह सकें।पुलिस के मुताबिक, सरफराज बलरामपुर शहर के बालिका इंटर कॉलेज, सिटी पैलेस रोड, पुरैनिया तालाब क्षेत्र का निवासी है। उसने पिछले वर्ष 4 अक्टूबर को एक्स-रे टेक्नीशियन डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लिया था।
नोट में मिले बम के दो मॉडल
कॉलेज प्रशासन को जो हस्तलिखित नोट मिला है, उसमें कथित तौर पर बम के दो अलग-अलग मॉडल बनाए गए हैं। साथ ही, उनमें उपयोग होने वाले विभिन्न पदार्थों का भी उल्लेख किया गया है। नोट में अमोनियम नाइट्रेट, फॉस्फोरस समेत अन्य सामग्री के नाम लिखे गए हैं।फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि छात्र केवल जानकारी जुटा रहा था या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य भी था।
यह भी पढ़े- असल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए सरकार ने मुझे गिरफ्तार किया: उदयनिधि स्टालिन








