Mallikarjun Kharge: राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जंतर-मंतर के पास छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों से पूरा विपक्ष इस मांग पर अड़ा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में आकर छात्रों पर हुई कार्रवाई का जवाब दें।
‘छात्रों के साथ अन्याय और अत्याचार हुआ’
खड़गे ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस, पैलेट गन, इलेक्ट्रिक बैटन और कील वाली लाठियों का इस्तेमाल किया गया, जबकि उन्होंने कोई हिंसा या तोड़फोड़ नहीं की थी।
Mallikarjun Kharge: ‘गृह मंत्री सदन में आकर दें जवाब’
खड़गे ने कहा कि गृह मंत्री को सदन में आकर इस पूरे मामले पर सफाई देनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से क्यों बच रही है। उनके मुताबिक, या तो सरकार इस मामले को नजरअंदाज करना चाहती है या फिर वह जवाब देने से डर रही है।
‘सदन नहीं चलने के लिए अमित शाह जिम्मेदार’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गृह मंत्री के सदन में न आने की वजह से संसद की कार्यवाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन नहीं चलने की जिम्मेदारी विपक्ष की नहीं, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की है। इसी कारण विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठा रहा है।
Mallikarjun Kharge: PM से माफी की भी मांग
खड़गे ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि प्रधानमंत्री छात्रों से माफी मांगें और गृह मंत्री सदन में बयान दें। उन्होंने कहा कि चाहे झारखंड, पंजाब या दिल्ली का मामला हो, कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
ये भी पढ़े… ‘ये मेरा अधिकार है…’, राज्यसभा में किरेन रिजिजू से भिड़े खरगे, PM से की सदन में जवाब की मांग








