Home » राष्ट्रीय » सीजेपी ने ‘क्या बोलती जनता’ नामक राष्ट्रव्यापी अभियान का किया ऐलान

सीजेपी ने ‘क्या बोलती जनता’ नामक राष्ट्रव्यापी अभियान का किया ऐलान

CJP: सीजेपी ने 'क्या बोलती जनता' नामक अभियान का किया ऐलान

CJP: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने देशभर में जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और उन्हें सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘क्या बोलती जनता?’ नामक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बताया कि यह अभियान सितंबर से शुरू होगा और इसके तहत विभिन्न राज्यों में छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती फीस और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर जनमत तैयार करना है।

शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती फीस रहेगा मुख्य मुद्दा

अभिजीत दिपके ने कहा कि देश में शिक्षा का लगातार व्यवसायीकरण हो रहा है, जिससे मध्यम वर्ग और श्रमिक परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि कई निजी स्कूलों में पहली कक्षा में प्रवेश के लिए ही लाखों रुपये तक की फीस और अतिरिक्त शुल्क वसूले जाते हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है, लेकिन बढ़ती लागत के कारण यह आम परिवारों की पहुंच से दूर होती जा रही है। पार्टी का कहना है कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार इस अभियान की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

CJP: छात्रों और अभिभावकों से होगा सीधा संवाद

सीजेपी ने बताया कि ‘क्या बोलती जनता?’ अभियान के दौरान पार्टी देशभर में यात्रा कर छात्रों, अभिभावकों और नागरिकों से सीधे मुलाकात करेगी। अभियान के जरिए लोगों की शिकायतें और सुझाव एकत्र किए जाएंगे, ताकि उन्हें सरकार और प्रशासन के सामने प्रभावी ढंग से रखा जा सके। पार्टी का दावा है कि इस पहल से शिक्षा, रोजगार और अन्य जनसरोकार के मुद्दों पर व्यापक जनमत तैयार किया जाएगा।

संवैधानिक मूल्यों के आधार पर आगे बढ़ने का दावा

अभिजीत दिपके ने कहा कि पार्टी की विचारधारा डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के सिद्धांतों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि सीजेपी का उद्देश्य केवल राजनीतिक आंदोलन करना नहीं, बल्कि लोगों के मन से शासन का भय समाप्त कर लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने सरकार से सरकारी शिक्षण संस्थानों को मजबूत बनाने और शिक्षा को सभी के लिए सुलभ एवं किफायती बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की भी मांग की।

 

ये भी पढ़ें…इधर संसद में हंगामा, उधर रिजिजू का राहुल को फोन, महिला आरक्षण पर हुई चर्चा