NHRC Strict On Instagram: इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण (Child Sexual Abuse Material) से जुड़े कथित कंटेंट को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मेटा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय और पंजाब, दिल्ली, तेलंगाना व महाराष्ट्र समेत आठ राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (DGP) को नोटिस जारी कर एफआईआर दर्ज करने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
एक हफ्ते में 50 से ज्यादा मामले
एनएचआरसी के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने बताया कि पिछले सात दिनों में 50 से अधिक ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें बच्चों के यौन शोषण से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए। उन्होंने इसे गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई जरूरी है।
NHRC Strict On Instagram: Meta और आईटी मंत्रालय को भी नोटिस
आयोग ने मेटा को नोटिस जारी कर भारत के आईटी नियमों के तहत ऐसे अवैध कंटेंट को तुरंत हटाने और प्लेटफॉर्म की जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही पूरे मामले की जानकारी इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय को भी भेजी गई है, ताकि केंद्र स्तर पर निगरानी और कार्रवाई को मजबूत किया जा सके।
लोगों से शिकायत करने की अपील
प्रियांक कानूनगो ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें। यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है, तो इसकी जानकारी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को दें।
NHRC Strict On Instagram: जागरूकता बढ़ने से सामने आ रहे मामले
कानूनगो ने कहा कि लोगों की बढ़ती जागरूकता के कारण ऐसे मामलों की रिपोर्टिंग बढ़ रही है। उनका कहना है कि इससे दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करना आसान होगा।
ये भी पढ़े… महुआ मोइत्रा को सुप्रीम कोर्ट से झटका, हेट स्पीच केस में वर्चुअल पेशी की मांग खारिज








