Home » अंतर्राष्ट्रीय » मोजतबा खामेनेई से मुलाकात पर पेजेशकियन का बड़ा दावा, बोले- ‘सिर्फ आवाज सुनी, यकीन नहीं कि वो थे’

मोजतबा खामेनेई से मुलाकात पर पेजेशकियन का बड़ा दावा, बोले- ‘सिर्फ आवाज सुनी, यकीन नहीं कि वो थे’

Mojtaba Khamenei:

Mojtaba Khamenei: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और कथित तौर पर सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के बीच हुई एक गुप्त मुलाकात को लेकर चौंकाने वाला दावा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति को तेहरान में एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया, जहां काले शीशे वाली कार में दोनों की कथित मुलाकात हुई।

Mojtaba Khamenei: अंधेरे में हुई कथित मुलाकात-

ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, पेजेशकियन को सुरक्षा घेरे में तेहरान के एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। यहां उन्हें एक काले शीशे वाली कार की पिछली सीट पर बैठाया गया, जहां कथित तौर पर मोजतबा खामेनेई पहले से मौजूद थे। रिपोर्ट में दावा किया गया कि कार के अंदर इतना अंधेरा था कि राष्ट्रपति और उनके बगल में बैठे व्यक्ति एक-दूसरे को देख नहीं सके। दोनों को हाथ मिलाने की अनुमति भी नहीं दी गई और बातचीत केवल आवाज के जरिए हुई।

Mojtaba Khamenei: पेजेशकियन ने पहचान पर उठाया सवाल-

रिपोर्ट के मुताबिक, मुलाकात के बाद पेजेशकियन ने कथित तौर पर सवाल उठाया कि कार में मौजूद व्यक्ति वास्तव में मोजतबा खामेनेई थे या नहीं। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने अंधेरे में सिर्फ एक आवाज सुनी और उनके पास यह पुष्टि करने का कोई तरीका नहीं था कि वह आवाज मोजतबा की ही थी। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात कुछ मिनटों तक ही चली। इसके बाद पेजेशकियन को वहां से जाने के लिए कहा गया।

पहले ढाई घंटे की मुलाकात का किया था दावा-

इस रिपोर्ट ने पेजेशकियन के पहले के सार्वजनिक बयान पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मई के मध्य में व्यापार संघ के प्रतिनिधियों की एक बैठक में राष्ट्रपति ने दावा किया था कि उन्होंने नए सुप्रीम लीडर के साथ करीब ढाई घंटे सौहार्दपूर्ण माहौल में समय बिताया। हालांकि, रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वास्तविक मुलाकात केवल कुछ मिनटों की थी और यह आमने-सामने भी नहीं हुई।

मुलाकात के लिए इस्तीफे की धमकी-

रिपोर्ट के अनुसार, पेजेशकियन ने मोजतबा खामेनेई से मुलाकात के लिए कई बार अनुरोध किया था। कथित तौर पर उन्होंने इस्तीफा देने की धमकी भी दी थी। इसके बाद लीडर के कार्यालय ने मुलाकात की अनुमति दी, लेकिन उन्हें आधिकारिक आवास पर नहीं बुलाया गया। इसके बजाय राष्ट्रपति की सुरक्षा टीम उन्हें तेहरान के एक अज्ञात स्थान पर लेकर गई, जहां यह कथित मुलाकात हुई।

मोजतबा की सार्वजनिक अनुपस्थिति से बढ़ा रहस्य-

मोजतबा खामेनेई के सुप्रीम लीडर बनने के बाद से उनके सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वह लिखित बयान जारी कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सार्वजनिक ऑडियो या वीडियो सामने नहीं आया है।पेजेशकियन पहले भी कह चुके हैं कि मोजतबा से संपर्क करना मुश्किल है। हालांकि, उन्होंने उनकी मौजूदगी को ईरान के लिए बड़ा संबल बताया था।

ट्रंप और नेतन्याहू के दावों में भी विरोधाभास-

मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अलग-अलग दावे सामने आए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ सप्ताह पहले दावा किया था कि मोजतबा के मारे जाने की 90 प्रतिशत संभावना है। वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल ही में दावा किया कि मोजतबा अभी जीवित हैं। इन विरोधाभासी बयानों और उनकी सार्वजनिक अनुपस्थिति ने ईरान के शीर्ष नेतृत्व को लेकर रहस्य और गहरा कर दिया है

यह भी पढ़े- थलापति विजय को राहत, पत्नी संगीता ने फैमिली कोर्ट से वापस लिया तलाक का केस