Home » उत्तर प्रदेश » UP News: अखिलेश के ‘PDA’ में ‘पंडित’ शब्द पर भड़कीं मायावती, बोलीं- सपा गिरगिट की तरह बदलती है रंग

UP News: अखिलेश के ‘PDA’ में ‘पंडित’ शब्द पर भड़कीं मायावती, बोलीं- सपा गिरगिट की तरह बदलती है रंग

UP News: अखिलेश के ‘PDA’ में ‘पंडित’ शब्द पर भड़कीं मायावती, बोलीं- सपा गिरगिट की तरह बदलती है रंग

UP News: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से PDA की नई व्याख्या में ‘P’ का मतलब ‘पंडित’ बताए जाने पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने सपा पर तीखा हमला बोला है। मायावती ने समाजवादी पार्टी को ‘गिरगिट’ बताते हुए आरोप लगाया कि चुनावी स्वार्थ के लिए सपा लगातार अपना राजनीतिक रंग बदलती रहती है।

‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर चलती है बसपा

मायावती ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति और सिद्धांत पर चलने वाली सर्वसमाज हितैषी अंबेडकरवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा की चार बार सरकार बनी और इन सरकारों को भी इसी नीति और सिद्धांत के आधार पर चलाया गया।बसपा प्रमुख ने सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी संकीर्ण जातिवादी राजनीति और चुनावी स्वार्थ के कारण समय-समय पर अपना रंग बदलती रही है। उन्होंने PDA के मुद्दे को लेकर भी सपा पर निशाना साधा।

PDA के ‘P’ को लेकर मायावती का अखिलेश पर तंज

मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी लंबे समय से PDA का मतलब ‘पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक’ बताती रही है। अब जब अपर कास्ट समाज, खासकर ब्राह्मण समाज का झुकाव बसपा की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है, तो सपा ने PDA में ‘P’ का अर्थ ‘पंडित’ बताना शुरू कर दिया है।उन्होंने इसे समाजवादी पार्टी की राजनीतिक चाल और छलावे का एक और उदाहरण बताया। मायावती के मुताबिक, केवल चुनावी फायदे के लिए किसी राजनीतिक फॉर्मूले की परिभाषा बदलने से समाज का वास्तविक हित नहीं हो सकता।

‘छलावे की राजनीति से पूरे समाज का भला नहीं’

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि इस तरह की छलावे की राजनीति से किसी व्यक्ति विशेष को कुछ समय के लिए राजनीतिक लाभ मिल सकता है, लेकिन इससे पूरे समाज का भला नहीं हो सकता। उन्होंने सर्वसमाज के लोगों से ऐसी राजनीति और संकीर्ण जातिवादी सोच से सावधान रहने की अपील की।मायावती ने कहा कि बसपा सभी वर्गों के हित और सामाजिक भाईचारे की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को जातीय आधार पर बांटने के बजाय सर्वसमाज के हित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

ये भी पढ़े……. राहुल गांधी के ‘महिलाओं की आजादी’ बयान पर रिजिजू का पलटवार, बोले- महिला आरक्षण बिल का समर्थन करें