Home » Trending » ‘पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और उनके सरपरस्तों को नेस्तनाबूत किया’, राजनाथ सिंह का बड़ा दावा

‘पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और उनके सरपरस्तों को नेस्तनाबूत किया’, राजनाथ सिंह का बड़ा दावा

Rajnath Singh on Terrorism: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि पहलगाम में धर्म पूछकर निर्दोष नागरिकों पर किए गए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकवादियों और उनके सरपरस्तों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

दिल्ली कैंट स्थित सेना के बेस अस्पताल में आयोजित विशेष रक्तदान शिविर को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और उनके सरपरस्तों को नेस्तनाबूत किया गया।

‘नारी शक्ति के सिंदूर की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे’

रक्षामंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल आतंकवाद के खिलाफ सैन्य कार्रवाई नहीं थी, बल्कि इसके जरिए दुनिया को भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति का संदेश भी दिया गया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी नारी शक्ति के सिंदूर की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि देश अपने नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।

Rajnath Singh on Terrorism: ‘रक्तदान जीवनदान और महादान’

राजनाथ सिंह ने ‘सिंदूर’ महारक्तदान यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता, सहृदयता और राष्ट्रप्रेम से जुड़ा कार्य है। उन्होंने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री या प्रयोगशाला में नहीं बनाया जा सकता। यह केवल स्वस्थ मानव शरीर में बनता है और एक इंसान ही दूसरे इंसान को रक्त दे सकता है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि रक्तदान को जीवनदान और महादान कहा जाता है।

खिलाड़ियों ने दिया एक हजार यूनिट रक्त

रक्षामंत्री ने बताया कि सांगली से आए सैकड़ों खिलाड़ी इस अभियान में रक्तदान कर रहे हैं। आयोजन में एथलीट और अन्य लोगों की ओर से करीब एक हजार यूनिट का रक्त भंडार भारतीय सेना को समर्पित किया गया। राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी शारीरिक क्षमता उनकी पहचान है, लेकिन रक्तदान के जरिए उन्होंने इससे भी बड़ी करुणा की शक्ति का परिचय दिया है। यह रक्त भंडार भविष्य में जरूरतमंद जवानों और उनके परिवारों के लिए मददगार होगा।

Rajnath Singh on Terrorism: रक्तदान को संस्कृति बनाने की अपील

रक्षामंत्री ने देशवासियों, विशेषकर युवाओं से रक्तदान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान को समाज की संस्कृति बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब भारत स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब लक्ष्य केवल विकसित अर्थव्यवस्था बनना नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसा संवेदनशील समाज बनाना भी होना चाहिए, जहां हर व्यक्ति स्वस्थ और सुरक्षित हो।

फिट भारत के जरिए स्वस्थ समाज का संदेश

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों के जरिए दिए जा रहे फिटनेस संदेश का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ और फिट रहने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितना अधिक लोग फिट रहेंगे, उतना ही वे समाज के लिए उपयोगी बनेंगे और रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में भी योगदान दे सकेंगे।

ये भी पढ़े… CM योगी बोले- ‘काकोरी डकैती नहीं, देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों का ट्रेन एक्शन था’