Home » Breaking News » ‘कॉकरोच’ बयान की गूंज यूनिवर्सिटी तक पहुंची, CJI सूर्यकांत के कार्यक्रम का छात्रों ने किया विरोध

‘कॉकरोच’ बयान की गूंज यूनिवर्सिटी तक पहुंची, CJI सूर्यकांत के कार्यक्रम का छात्रों ने किया विरोध

CJI Suryakant: नेशनल एकेडमी ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च (NALSAR) यूनिवर्सिटी में छात्रों के एक समूह ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को 2026 के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता के लिए आमंत्रित किए जाने का विरोध किया है। छात्रों ने उनके पूर्व में दिए गए कुछ कथित बयानों का हवाला देते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन से निमंत्रण पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

2026 बैच के छात्रों के एक समूह ने वाइस चांसलर, रजिस्ट्रार, फैकल्टी सदस्यों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। छात्रों ने हाल के न्यायिक घटनाक्रमों और युवाओं को लेकर सीजेआई के कथित बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे समय में उन्हें दीक्षांत समारोह का मुख्य अतिथि बनाया जाना उन्हें उचित नहीं लगता।

‘युवाओं को कॉकरोच कहने से लेकर वीडियो वाले बयान तक’

छात्रों ने अपने पत्र में सीजेआई सूर्यकांत के उस कथित बयान का उल्लेख किया, जिसमें युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से किए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा छात्रों ने जंतर-मंतर प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो को लेकर कथित टिप्पणी पर भी सवाल उठाए।

छात्रों ने कहा कि युवाओं को लेकर कथित टिप्पणी और प्रदर्शन से जुड़े वीडियो पर दिए गए बयान से उन्हें असंवेदनशीलता का एहसास हुआ। उनका कहना है कि ऐसे व्यक्ति को दीक्षांत समारोह में आमंत्रित करना, जहां छात्रों को उनके शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि पर डिग्री दी जानी है, उचित नहीं लगता। हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत ने इन बयानों को लेकर पहले सफाई देते हुए कहा था कि मीडिया में उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।

CJI Suryakant: ‘संवैधानिक जवाबदेही और अकादमिक स्वतंत्रता का सवाल’

छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के सामने संवैधानिक जवाबदेही और अकादमिक स्वतंत्रता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सीजेआई को दीक्षांत समारोह के लिए आमंत्रित करना यूनिवर्सिटी के अकादमिक मूल्यों को लेकर सवाल खड़े करता है। छात्रों ने प्रशासन से अपील की कि वह आमंत्रण के फैसले पर दोबारा विचार करे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी आपत्ति को किसी एक बैच की व्यक्तिगत राय के बजाय छात्रों के व्यापक समूह की चिंता के रूप में देखा जाना चाहिए।

अभी तय नहीं हुई दीक्षांत समारोह की तारीख

बताया गया है कि दीक्षांत समारोह का आयोजन पहले अगस्त में किए जाने का प्रस्ताव था, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी तारीख घोषित नहीं की गई है। यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम की तैयारियां भी अभी शुरू नहीं हुई हैं। जूनियर बैच से वॉलंटियर्स जुटाने जैसी तैयारियां भी शुरू नहीं की गई हैं। वहीं, कुछ कक्षाओं की परीक्षाएं होने के कारण अगस्त में कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना भी कम मानी जा रही है।

ये भी पढ़े… ‘पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और उनके सरपरस्तों को नेस्तनाबूत किया’, राजनाथ सिंह का बड़ा दावा