IPL Auction 2027: IPL के अगले सीजन की तैयारियों के बीच ऑक्शन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि इस साल IPL ऑक्शन का आयोजन दिसंबर में गोवा में किया जाएगा। पिछले तीन सालों से ऑक्शन का आयोजन भारत के बाहर हो रहा था, लेकिन इस बार BCCI ने भारत में ही ऑक्शन कराने का फैसला किया है।
IPL Auction 2027: दिसंबर में गोवा में होगा IPL ऑक्शन-
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि पिछले तीन IPL ऑक्शन सऊदी अरब, दुबई और अबू धाबी में आयोजित किए गए थे। अब इस साल दिसंबर में गोवा को IPL ऑक्शन की मेजबानी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन ऑक्शन विदेशों में आयोजित करने के बाद अब दिसंबर के महीने में गोवा में IPL ऑक्शन कराने जा रहे हैं।
IPL Auction 2027: IND A बनाम AUS A मैच मोहाली में शिफ्ट-
IPL ऑक्शन के अलावा सैकिया ने इंडिया ए महिला और ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धर्मशाला में खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के कारण आगामी T20 मैचों को मोहाली स्थानांतरित किया गया है। सैकिया ने कहा कि धर्मशाला में मौजूदा मौसम की स्थिति क्रिकेट के लिए अनुकूल नहीं है और वहां काफी बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण मैचों को मोहाली ले जाने का फैसला किया गया, ताकि मौसम की वजह से क्रिकेट गतिविधियों में कोई बाधा न आए।
भारत-जापान क्रिकेट संबंधों को लेकर सैकिया का बयान-
देवजीत सैकिया ने भारत और जापान के बीच हाल ही में खेले गए T20 मैच को दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह मुकाबला सिर्फ जापान के खिलाफ जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट के क्षेत्र में दोस्ती के नए दौर की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि ICC चेयरमैन जय शाह की पहल के बाद भारत और जापान के क्रिकेट बोर्ड ने इस मुकाबले के आयोजन की दिशा में काम किया। सैकिया के मुताबिक, एडिनबर्ग में जय शाह ने उन्हें अपने जापानी समकक्ष के साथ बैठकर जापान में इस मैच के आयोजन की दिशा में काम करने को कहा था।
सैकिया ने कहा कि यह पहल अब रंग लाई है। उन्होंने जापान में मैच के दौरान दर्शकों के उत्साह का भी जिक्र किया और उम्मीद जताई कि इससे वहां क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने में मदद मिलेगी। उनके मुताबिक, यह मुकाबला भारत और जापान के बीच दोस्ती, क्रिकेट के विकास और इस खेल को नए क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में एक नई शुरुआत है।
यह भी पढ़े- ‘ज्ञानेश कुमार ने जहां-जहां चुनाव कराए, वहां दोबारा हों इलेक्शन’, CEC विवाद पर बोलीं ममता बनर्जी









